कुंए में लकड़ी निकालने गया व्यक्ति जहरीली गैस से बेहोश हुआ

उसे बचाने गए 4 समेत 5 मौतें
सक्ती – सक्ती जिले के किकिरदा गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया है। कुएं में लकड़ी गिर जाने से उसे निकालने एक व्यक्ति कुएं में उतरा और और जहरीली गैस से बेहोश हो गया तो उसे निकालने के लिए बारी-बारी से चार लोग और उतरे और सभी की मौत हो गई। 5 मरने वालों में पिता और दो बेटे भी शामिल हैं।इस घटना के बाद पुलिस के साथ पहुंची SDRF की टीम ने सभी शवों को एक-एक कर कुएं से निकाल लिया है। इस घटना के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शोक जताया है।
जानकारी के अनुसार जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र के किकिरदा गांव में रामचंद्र जायसवाल (60 वर्ष) नाम का एक व्यक्ति कुएं में लकड़ी अंदर गिरने पर उसे निकालने घुसा था, तभी गैस का रिसाव होने लगा और वह बहोश हो गया। इसके बाद पत्नी के शोर मचाने पर ये लोग उसे निकालने कुएं में घुसे थे, लेकिन कोई जिंदा नहीं लौट सका। रामचंद्र जायसवाल को बचाने सबसे पहले पड़ोसी रमेश पटेल (50 वर्ष) आया और वह कुएं के अंदर गया।
इसके बाद उसकी भी सांसें भरने लगीं, फिर उसे बचाने उसके दो बेटे राजेंद्र (20 वर्ष) और जितेंद्र (25 वर्ष) भी कुएं के अंदर चले गए।जब चारों कुछ देर तक नहीं लौटे तो पड़ोस में रहने वाला टिकेश्वर चंद्रा (25 वर्ष) भी इन लोगों को बचाने के लिए कुएं अंदर चला गया। लेकिन जहरीली गैस के रिसाव से पिता और 2 बेटों समेत 5 लोगों की जान चली गई। सूचना पर पुलिस के साथ पहुंची SDRF की टीम ने सभी शवों को एक-एक कर कुएं से निकाल लिया है।
सीएम साय ने सोशल मीडिया पर ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। वहीं, मुख्यमंत्री साय ने हादसे में मृतकों के परिजन को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दिए जाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिजन की हर संभव मदद के लिए तैयार है।