सक्ती

कलेक्टर ने सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ से प्रभावित धान की फसलों का सर्वेक्षण एवं निरीक्षण के दिए निर्देश

कलेक्टर ने सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ से प्रभावित धान की फसलों का सर्वेक्षण एवं निरीक्षण के दिए निर्देश kshititech

सक्ती-  चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से जिले में धान की फसलों को हुए संभावित नुकसान के आकलन के लिए जिला प्रशासन द्वारा मैदानी स्तर पर निरीक्षण कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा प्रभावित किसानों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने तथा फसल क्षति का सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में कलेक्टर जयश्री जैन ने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व), तहसीलदारों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर फसलों की स्थिति का जायजा लेने तथा किसानों से संवाद कर नुकसान की जानकारी लेने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर के निर्देशानुसार राजस्व एवं कृषि विभाग की टीमें खेतों में धान की फसलों का निरीक्षण कर रही हैं। इस दौरान फसलों की स्थिति, बारिश एवं तेज हवाओं से हुए संभावित नुकसान का जायजा लिया जा रहा है। साथ ही किसानों एवं ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर प्रभावित फसलों एवं नुकसान की जानकारी जुटाई जा रही है।

कलेक्टर द्वारा राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को फसल क्षति का सर्वेक्षण कर नुकसान पाए जाने पर पात्र किसानों को शीघ्र नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। फसल क्षति का आकलन किया जा रहा है, ताकि प्रभावित एवं पात्र किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के प्रावधानों तथा फसल बीमा योजना के अंतर्गत नियमानुसार सहायता एवं बीमा दावा राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा सके।

कटी हुई धान की फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील

जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अपनी धान की फसल को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें। जिन किसानों की धान की फसल कट चुकी है, वे उसे तत्काल खेत से उठाकर ऊंचे एवं सूखे स्थान पर सुरक्षित रखें। बारिश से बचाव के लिए फसल को तिरपाल से अच्छी तरह ढंककर रखें, ताकि धान को नुकसान न पहुंचे।

जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे फसल बीमा से आच्छादित फसल को नुकसान होने की स्थिति में समय-सीमा के भीतर सूचना दर्ज कराएं, ताकि नियमानुसार फसल क्षति का आकलन एवं बीमा दावा संबंधी कार्रवाई की जा सके।