सक्ती

धान खरीदी में अनियमितता पाए जाने पर ठठारी के उपार्जन केंद्र प्रभारी को किया गया कार्यमुक्त

सक्ती-  खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिला सक्ती के उपार्जन केंद्र ठठारी में अनियमितता पाए जाने पर दिनांक 17 नवंबर 2026 को नायब तहसीलदार भोथिया द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान धान की बोरी का वजन 41 किलो 200 ग्राम पाया गया। मौके पर कुल 46 बोरी का कुल वजन 18.90 क्विंटल पाया गया। किसान राजेन्द्र कुमार चंद्रा का दिनांक 14 नवंबर 2026 को कुल 80.40 क्विंटल धान का टोकन काटा गया था, जबकि मौके पर कुल 50 किलोग्राम धान अधिक पाया गया। पंचनामा के अनुसार अपर कलेक्टर जिला सक्ती द्वारा उपार्जन केंद्र प्रभारी ठठारी श्री कृष्ण कुमार पटेल को धान खरीदी कार्य से पृथक किया गया है तथा श्री सोहित राम बरेठ को धान खरीदी प्रभारी नियुक्त किया गया है।
     उल्लेखनीय है कि शासन के निर्देशानुसार जिले में 15 नवम्बर से धान खरीदी कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। कलेक्टर  जयश्री जैन ने जिले में पारदर्शी और सुचारू रूप से धान खरीदी कार्य कराए जाने के निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। कलेक्टर ने धान खरीदी कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर त्वरित कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए हैं। जिसके तहत धान उपार्जन केंद्र ठठारी में अनियमितता संज्ञान में आने पर त्वरित कार्यवाही किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी कार्य से जुड़े सभी संबंधित अधिकारियों कर्मचारियों को धान खरीदी कार्य को पारदर्शी, सुव्यवस्थित, बिना किसी लापरवाही व त्रुटि के पूरी गंभीरता से किए जाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।