सकरेली कला में 19 नवंबर से होगा श्री शिव महापुराण ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन, कथा वाचक नारायण दास महाराज कराएंगे रसपान


सक्ती – सक्ती जिला मुख्यालय से लगे ग्राम सकरेली कला में आगामी 19 नवंबर से 25 नवंबर तक सप्तदिवसीय ‘श्री शिव महापुराण ज्ञान यज्ञ कथा’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान में छत्तीसगढ़ के भिलाई से पधार रहे राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सुप्रसिद्ध कथा वाचक नारायण दास महाराज अपनी अमृतमयी वाणी से श्रद्धालुओं को शिव कथा का रसपान कराएंगे।
आयोजन के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए ग्राम सकरेली कला के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता, शासकीय हाई स्कूल की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष एवं कृषि विभाग सक्ती के पूर्व वरिष्ठ सेवानिवृत्त अधिकारी रोशन लाल पटेल ने बताया कि इस महायज्ञ को लेकर पूरे गांव में भारी उत्साह है और समस्त ग्रामवासी इसकी तैयारियों में जुटे हुए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन को भव्य रूप देने के लिए गांव में विशाल पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है।
कथा का समय और प्रमुख आकर्षण
आयोजन समिति के अनुसार, कथा का वाचन प्रतिदिन दोपहर 2:00 बजे से शाम 6:30 बजे तक किया जाएगा। कथा के दौरान प्रतिदिन संगीतमय भजन-कीर्तन के साथ-साथ भगवान शिव की महिमा से जुड़े विभिन्न आध्यात्मिक प्रसंगों का मनोहारी वर्णन महाराज श्री द्वारा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, कथा के दौरान प्रस्तुत की जाने वाली जीवंत एवं आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
ग्राम सकरेली कला के समस्त नागरिकों एवं आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालु भक्तजनों और धर्मप्रेमियों से विनम्र आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार उपस्थित होकर कथा का श्रवण करें और पुण्य लाभ अर्जित करें।
