सक्ती

दमऊधारा स्थित प्राचीन ‘ऋषभतीर्थ शिलालेख’ के संरक्षण की उठी मांग अभिषेक बंसल ने कलेक्टर को लिखा पत्र

धरोहर को सुरक्षित रखने के साथ ही आमजन की सुविधा के लिए समीप में हिंदी अनुवाद का स्थायी शिलापट्ट लगाने का किया आग्रह

सक्ती –   ऐतिहासिक और पुरातात्विक धरोहरों को सहेजने की दिशा में पहल करते हुए नगर के सामाजिक कार्यकर्ता एवं इनटेक सदस्य अभिषेक बंसल ने सक्ती कलेक्टर को एक पत्र लिखा है। इस पत्र के माध्यम से उन्होंने जिले के प्रसिद्ध पर्यटन एवं धार्मिक स्थल दमऊधारा (गुंजी ऋषभतीर्थ) में स्थित प्राचीन शिलालेख के समुचित संरक्षण और उसके हिंदी अनुवाद का स्थायी सूचना-पट्ट लगाए जाने की मांग की है।
क्षतिग्रस्त हो रही है प्राचीन धरोहर
कलेक्टर को प्रेषित पत्र में अभिषेक बंसल ने उल्लेख किया है कि जिला मुख्यालय सक्ती से लगभग 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित दमऊधारा (गुंजी ऋषभतीर्थ) प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक आस्था और प्राचीन इतिहास का एक अनूठा संगम है। छत्तीसगढ़ शासन के पुरातत्व विभाग द्वारा इस स्थल को संरक्षित भी घोषित किया गया है। इसी स्थल के समीप पहाड़ की चट्टान पर प्राचीन काल में उत्कीर्ण एक अत्यंत महत्वपूर्ण अभिलेख मौजूद है, जिसे इतिहास में ‘ऋषभतीर्थ शिलालेख’ के नाम से जाना जाता है। वर्तमान में उचित देखरेख और नियमित रखरखाव के अभाव में यह अमूल्य शिलालेख धीरे-धीरे क्षतिग्रस्त और अस्पष्ट होता जा रहा है।
शासकीय दस्तावेजों में दर्ज है ऐतिहासिक महत्व
पत्र में इस शिलालेख की प्रामाणिकता का हवाला देते हुए बताया गया है कि इसका विस्तृत विवरण छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘उत्कीर्ण लेख’ में भी दर्ज है। इस पुस्तक का लेखन एवं संपादन प्रसिद्ध इतिहासकार बालचन्द्र जैन द्वारा किया गया है, जबकि इसका परिवर्धन श्री जी. एल. रायकवार एवं श्री राहुल कुमार सिंह द्वारा किया गया है। यह प्रमाणित करता है कि यह शिलालेख क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास का एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है।
पर्यटकों की सुविधा के लिए हिंदी अनुवाद जरूरी
अभिषेक बंसल ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए इस धरोहर को सुरक्षित रखने हेतु तत्काल इसका स्थल निरीक्षण कराया जाए। साथ ही शिलालेख की वैज्ञानिक तरीके से साफ-सफाई, आवश्यक मरम्मत और संरक्षण कार्य सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त, दमऊधारा आने वाले श्रद्धालुओं, शोधकर्ताओं और पर्यटकों को इस शिलालेख के महत्व और उसमें लिखी बातों की सही जानकारी मिल सके, इसके लिए शिलालेख के पास ही किसी उपयुक्त स्थान पर उसका सरल हिंदी अनुवाद एवं संक्षिप्त ऐतिहासिक विवरण पत्थर अथवा स्थायी शिलापट्ट पर अंकित कराया जाए।