सक्ती में इस वर्ष दो स्थानों पर सजेगा ऐतिहासिक रौताही मेला तैयारियां जोरों पर

स्टेशन रोड पर 9 से 30 दिसंबर तक डिज्नीलैंड मेला, तो बुधवारी बाजार में 3 जनवरी तक चलेगी रौनक; सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद

सक्ती – सक्ती शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान माने जाने वाले ‘रौताही मेले’ का आयोजन इस वर्ष शहर में दो अलग-अलग स्थानों पर भव्य रूप से किया जा रहा है। मेले को लेकर दोनों ही स्थलों पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और शहरवासियों सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में इसे लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
स्टेशन रोड पर लगेगा ‘डिज्नीलैंड रौताही मेला’
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सक्ती के स्टेशन रोड स्थित गुंजन एजुकेशन सेंटर के बगल में विगत कई वर्षों से आयोजित हो रहे मेले की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी 9 दिसंबर से 30 दिसंबर 2026 तक ‘डिज्नीलैंड रौताही मेला’ आयोजित किया जा रहा है। इस मेले में आकर्षक झूले, सर्कस, खेल-तमाशा और महिलाओं के लिए विशेष मीना बाजार मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
बुधवारी बाजार में वर्षों बाद लौटेगी पुरानी रौनक
दूसरी ओर, शहर के बुधवारी बाजार क्षेत्र (पानी टंकी के पास, पुराना मेला ग्राउंड) में भी इस वर्ष पुनः मेले का आयोजन होने जा रहा है। गौरतलब है कि अविभाजित मध्य प्रदेश के समय से दशकों तक इसी स्थान पर रौताही मेला लगता रहा है, लेकिन पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम के नवनिर्माण के कारण बीते कुछ वर्षों से यहां मेला आयोजित नहीं हो पा रहा था। इस वर्ष 9 दिसंबर 2026 से 3 जनवरी 2027 तक यहां पारंपरिक लोकनृत्य, झूले, सर्कस और स्वादिष्ट चाट-चौपाटी के साथ मेले की रौनक फिर से लौटेगी।
परंपरा के साथ पुलिस प्रशासन के लिए सुरक्षा की चुनौती
सक्ती का रौताही मेला अपनी ऐतिहासिक प्रसिद्धि के लिए जाना जाता है, जहां दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग सपरिवार मेले का आनंद लेने पहुंचते हैं। हालांकि, भारी भीड़ के चलते पूरी मेला अवधि के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती होती है। विगत वर्षों में मेले के दौरान असामाजिक और शरारती तत्वों द्वारा छोटी-बड़ी घटनाओं को अंजाम देने के मामले सामने आए हैं, जिन पर पुलिस ने त्वरित और कठोर कार्रवाई भी की है। ऐसे में इस वर्ष दो स्थानों पर मेला लगने से पुलिस प्रशासन को सुरक्षा के और भी पुख्ता इंतजाम करने होंगे, ताकि आम नागरिक निश्चिंत होकर परिवार सहित मेले का आनंद उठा सकें।
