कृषि विभाग ने खराब मौसम की संभावना को देखते हुए किसानों को फसलों, सब्जियों एवं पशुओं की सुरक्षा के लिए जारी की एडवाइजरी

सक्ती – मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार आगामी दिनों में छत्तीसगढ़ में बारिश होने की संभावना है। दिनांक 28 एवं 29 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए कृषि विभाग, जिला सक्ती द्वारा किसानों को अपनी फसलों, सब्जियों, फलदार पौधों एवं पशुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की एडवाइजरी जारी की गई है। कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि बारिश की संभावना को देखते हुए धान एवं अन्य फसलों की कटाई मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर करें तथा कटी हुई फसल को सुरक्षित एवं सूखी जगह पर रखें। खेतों में पानी भरने से रोकने के लिए पानी निकासी की व्यवस्था करें। फसलों में कीट एवं बीमारी दिखाई देने पर कृषि विशेषज्ञों की सलाह लें तथा खराब मौसम के दौरान दवाओं का छिड़काव करने से बचें। सब्जियों एवं फलदार पौधों की सुरक्षा के लिए खेतों में पानी जमा न होने दें। लौकी, करेला एवं अन्य बेल वाली सब्जियों को सहारा दें तथा केले के पौधों को गिरने से बचाने के लिए उचित व्यवस्था करें। मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर ही सब्जियों की बुवाई करें। पशुओं की सुरक्षा के लिए उन्हें सुरक्षित एवं सूखी जगह पर रखें। बिजली चमकने एवं गरजने के दौरान पशुओं को पेड़ों के नीचे न बांधें तथा उनके लिए स्वच्छ पानी एवं चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करें। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी जानकारी पर ध्यान दें तथा बारिश एवं तेज हवा की स्थिति में अपनी फसलों और पशुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें।
