ग्राम सिंघरा में 10 लाख रुपये की लागत से पुलिया निर्माण, ग्रामीणों का नदी पार करना हुआ सुगम और सुरक्षित

सक्ती – सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जिले में विकास कार्यों के माध्यम से आमजन की समस्याओं के समाधान और आमजन की सेवा की कहानियां सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में जनपद पंचायत जैजैपुर अंतर्गत ग्राम सिंघरा में 10 लाख रुपये की लागत से पुलिया का निर्माण कराया गया है। इससे ग्रामीणों को नदी पार करने में सुविधा मिली है और आसपास के गांवों तक आवागमन पहले की तुलना में सुगम हुआ है। ग्राम सिंघरा में नदी पर पुलिया की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। ग्रामीणों को चिकित्सालय, प्राथमिक विद्यालय और डाकघर जैसी बुनियादी सुविधाओं तक पहुंचने के लिए नदी पार करनी पड़ती थी। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए ग्राम पंचायत के सदस्यों और ग्रामीणों ने मिलकर पहल की तथा पुलिया निर्माण की मांग उठाई। ग्रामीणों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए वित्तीय वर्ष 2024-25 में पुलिया निर्माण कार्य को स्वीकृति मिली। सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े की सहभागिता से 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई, जिसके बाद पुलिया का निर्माण कराया गया। पुलिया निर्माण से अब ग्रामीणों को नदी पार करने में सुविधा मिल रही है। इससे आसपास के गांवों के लोगों को भी आवागमन में सहूलियत मिली है। यह निर्माण कार्य ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान के साथ क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में भी सहायक बन रहा है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम सिंघरा में निर्मित पुलिया ग्रामीणों की जरूरतों के अनुरूप बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और जनसहभागिता से विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का उदाहरण है।
