सक्ती

कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की समीक्षा बैठक लेकर दिए आवश्यक निर्देश

कलेक्टर ने जिले के किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की समीक्षा बैठक लेकर दिए आवश्यक निर्देश kshititech

सक्ती – कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं मैदानी कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, कृषक उन्नति योजना सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं के लक्ष्यों एवं प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कार्यालयीन कार्यों के साथ-साथ मैदानी स्तर पर भी सक्रियता से कार्य करते हुए सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध एवं गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती जैन ने आगामी रबी फसल वर्ष 2026-27 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए रबी फसलों के लिए आवश्यक प्रमाणित एवं उच्च गुणवत्ता वाले बीजों की मांग का समय पर आकलन कर मांग पत्र प्रेषित करने तथा पर्याप्त मात्रा में बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को समय पर बीज एवं अन्य आवश्यक कृषि आदान उपलब्ध कराने के लिए अग्रिम तैयारी करने तथा दलहन-तिलहन क्षेत्र के विस्तार एवं धान के बदले अन्य फसलों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने कहा। बैठक में एग्रीस्टैक में लंबित किसानों के पंजीयन को शीघ्र पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार मुनादी, सोशल मीडिया, किसान चौपाल एवं ग्राम सभा के माध्यम से करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके। कलेक्टर श्रीमती जैन ने किसानों को उच्च गुणवत्तायुक्त उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिले में संचालित उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक विक्रय संस्थानों का नियमित निरीक्षण करने तथा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इसी प्रकार उद्यानिकी विभाग के अंतर्गत समेकित उद्यानिकी विकास योजना, मसाला क्षेत्र विस्तार योजना, पॉलीहाउस व पॉलीकल्चर प्रोत्साहन योजना, नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल्स-पाम एवं एकीकृत बागवानी प्रोत्साहन योजनाओं के अंतर्गत निर्धारित वित्तीय एवं भौतिक लक्ष्यों की समय-सीमा में पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ पात्र किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।