फसल सर्वेक्षण एवं एग्रीस्टैक पंजीयन कार्य में तेजी लाकर शत-प्रतिशत पूर्णता करें सुनिश्चित – कलेक्टर


डिजिटल सर्वे एवं कृषि सांख्यिकी कार्यों को समयबद्ध पूर्ण कराने के निर्देश
सक्ती- कलेक्टर जयश्री जैन ने आज प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY), डिजिटल सामान्य फसल अनुमान सर्वेक्षण (DGCES) एवं अन्य कृषि सांख्यिकी योजनाओं के संबंध में राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों एवं मैदानी कर्मचारियों को कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर जैन ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसल कटाई कार्य के बाद सभी आवश्यक निर्धारित प्रक्रियाओ व कार्यो को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने डिजिटल सामान्य फसल अनुमान सर्वेक्षण (DGCES) के अतिरिक्त डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS), गिरदावरी एवं नक्शा बटाकन के कार्यों को प्राथमिकता के साथ शासन द्वारा निर्धरित समय पर पूर्ण कराने निर्देशित किया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं त्रुटिरहित तरीके से शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने एग्रीस्टैक के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री में पंजीयन से शेष किसानों का पंजीयन शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को पंजीयन के महत्व की जानकारी देने के लिए ग्राम स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार और आवश्यकतानुसार विशेष शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मैदानी अमले को किसानों को पंजीयन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करने के निर्देश दिए। कलेक्टर जैन ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी कर्मचारियों को आपसी समन्वय, सक्रियता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए निर्धारित सभी कार्यों को समय-सीमा में शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर बालेश्वर राम, भू-अभिलेख अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी तथा कृषि विभाग के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी उपस्थित रहे।
