सक्ती

इंस्पायर अवार्ड अंतर्गत सक्ती जिले के शासकीय विद्यालयों के 03 मॉडल राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित

नई दिल्ली में आयोजित होगी राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी
सक्ती-   विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा प्रतिवर्ष कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों से इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के अंतर्गत नवीन विचार, मॉडल एवं प्रोजेक्ट आमंत्रित किए जाते हैं। इस योजना के तहत सक्ती जिले के तीन शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। सत्र 2023-24 एवं 2024-25 में आयोजित जिला एवं राज्य स्तरीय प्रदर्शनी के बाद सक्ती जिले के कुल 03 विद्यार्थियों के मॉडल राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी के लिए चयनित हुए हैं।
      जिला शिक्षा अधिकारी व जिला नोडल अधिकारी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने यह उपलब्धि हासिल की है। सत्र 2023-24 में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मालखरौदा के विद्यार्थी मयंक कटकवार, पिता श्री राकेश कटकवार के मॉडल का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन हुआ है। वहीं सत्र 2024-25 में शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय अड़भार की कु. हीना सिदार, पिता  विजय कुमार सिदार तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जैजैपुर के खिलेश्वर चंद्रा, पिता  मनोज कुमार चंद्रा के मॉडल राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित हुए हैं। राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी नई दिल्ली में आयोजित होगी। चयनित विद्यार्थियों के मॉडलों को और अधिक उन्नत एवं प्रभावी बनाने के लिए 02 एवं 03 सितंबर 2026 को एनआईआईटी रायपुर में दो दिवसीय मेंटरशिप कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विशेषज्ञ प्राध्यापकों द्वारा विद्यार्थियों के मॉडलों को तकनीकी मार्गदर्शन एवं आवश्यक सुझाव प्रदान किए जाएंगे।
       विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर जिला कलेक्टर  जयश्री जैन, जिला पंचायत सीईओ  वासु जैन, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. कुमुदिनी वाघ द्विवेदी, सांख्यिकी अधिकारी  राकेश अग्रवाल, जिला नोडल अधिकारी  सुरेश कुमार जायसवाल, मालखरौदा बीईओ  एम.एल. प्रधान, एबीईओ चंद्रिका आर्मो, जैजैपुर बीईओ  रामकुमार साहू, अनिता अग्रवाल, अनिरुद्ध सिंह सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों, उनके शिक्षकों एवं अभिभावकों को शुभकामनाएं दी हैं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।