कलेक्टर ने ली राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक

सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित सभी राजस्व अधिकारी-कर्मचारी आपसी समन्वय से करें बेहतर कार्य
सक्ती- कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न राजस्व प्रकरणों एवं योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि आम नागरिकों एवं किसानों से जुड़े सभी राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित संबंधित सभी राजस्व अधिकारियों-कर्मचारियों को आपसी समन्वय से बेहतर और गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए है। बैठक में अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर बालेश्वर राम, एसडीएम सक्ती कावेरी मरकाम, एसडीएम मालखरौदा रूपेंद्र पटेल, एसडीएम डभरा विनय कुमार कश्यप, सर्व तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने एग्रीस्टेक पंजीयन, फॉर्मर रजिस्ट्री, नक्शा बटांकन,पट्टा वितरण, डिजिटल किसान किताब, स्वामित्व योजना, भू-बंटन, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, खाता विभाजन, अविवादित नामांतरण, त्रुटि सुधार, राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4, भू-अर्जन एवं राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की तहसीलवार व बिंदुवार विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में किया जाए। कलेक्टर ने एग्रीस्टेक पंजीयन की समीक्षा करते हुए जिले के सभी किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन किसानों के खसरे अभी तक पोर्टल पर दर्ज नहीं हुए हैं, उन्हें जोड़ा जाए तथा समितियों में किसानों का खसरा सत्यापन कराया जाए एवं छुटे खसरे जोड़े जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान योजना से वंचित न रहे। कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को पटवारी, आर आई आदि जमीनी अमले को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी से कार्य कराए जाने और किए गए कार्यो की नियमित मॉनिटरिंग करने के साथ ही आवश्यक्तनुसार समीक्षा बैठक आयोजित कर प्रगति की सतत समीक्षा करने के निर्देश दिये।

