सक्ती

विश्व हेपेटाइटिस दिवस : सक्ती जिला जेल में 81 बंदियों की हेपेटाइटिस-टीबी जांच, चलाया गया जागरूकता अभियान

विश्व हेपेटाइटिस दिवस : सक्ती जिला जेल में 81 बंदियों की हेपेटाइटिस-टीबी जांच, चलाया गया जागरूकता अभियान kshititech

सक्ती- विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर दिनांक 28.07.2026 को कलेक्टर, जिला प्रशासन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सक्ती के नेतृत्व में जिला जेल, सक्ती में विशेष स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जिला जेल में निरुद्ध बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस अवसर पर 81 बंदियों की हेपेटाइटिस बी एवं सी की जांच के साथ-साथ क्षय रोग (टीबी) की स्क्रीनिंग एवं आवश्यकतानुसार पुष्टि संबंधी जांच की गई। साथ ही बंदियों को हेपेटाइटिस एवं टीबी जैसी संक्रामक बीमारियों के लक्षण, बचाव के उपाय, समय पर जांच, पूर्ण उपचार तथा संक्रमण से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि जेल में रहने वाले व्यक्ति संक्रमण की दृष्टि से अपेक्षाकृत उच्च जोखिम समूह में आते हैं। इसलिए ऐसे विशेष स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से रोगों की शीघ्र पहचान कर समय पर उपचार उपलब्ध कराया जाता है, जिससे संक्रमण की रोकथाम एवं जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को सुदृढ़ किया जा सके।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में हेपेटाइटिस उन्मूलन एवं टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नियमित रूप से जांच, उपचार एवं जनजागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं तथा सभी पात्र हितग्राहियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस अवसर पर हेपेटाइटिस कार्यक्रम के नोडल अधिकारी, प्रयोगशाला तकनीशियन (Lab Technician) सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम उपस्थित रही तथा शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।