क्लास नौवीं के छात्र की निर्मम हत्या

लगभग तीन दिनों से छात्र लापता था खेत में गड़ा हुआ पाया गया शव, एक आरोपी पकड़ाया


सक्ती – सक्ती जिले में शनिवार को एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ। सक्ती थाना क्षेत्र में तीन दिन से लापता 9वीं कक्षा के छात्र कपिल कुमार केवट का शव खेत में दफन मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को गड्ढे से बाहर निकालकर कब्जे में लिया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मृतक कपिल कुमार केवट गांव के शासकीय स्कूल में कक्षा 9वीं का छात्र था। वह पिछले तीन दिनों से लापता था। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे पुलिस ने उसकी तलाश के दौरान खेत से शव बरामद किया। इसके बाद घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा की कार्रवाई की गई और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी छात्र को अपने साथ ले गया था। फिर युवक के साथ दुष्कर्म करने के बाद हत्या कर शव को खेत में दफना दिया। हालांकि, दुष्कर्म की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और जांच टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस ने संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।




