सक्ती

धर्म सेना मातृ शक्ति जिला के तत्वाधान में आयोजित श्रीराम कथा एवं दिव्य दरबार में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

धर्म सेना मातृ शक्ति जिला के तत्वाधान में आयोजित श्रीराम कथा एवं दिव्य दरबार में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब kshititech

धर्म, संस्कृति और सामाजिक एकता का बना भव्य संगम

सक्ती‌।  जिले में आयोजित एक दिवसीय श्रीराम कथा एवं दिव्य दरबार कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। धार्मिक वातावरण, भक्ति संगीत और श्रीराम कथा के मधुर प्रसंगों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम में दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्रीराम की कथा का श्रवण किया तथा दिव्य दरबार में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस भव्य आयोजन में कांग्रेस आदिवासी जिलाध्यक्ष जागेश्वर सिंह राज भी शामिल हुए। उन्होंने कथा स्थल पहुंचकर व्यासपीठ का आशीर्वाद लिया तथा आयोजन समिति और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उनके आगमन पर आयोजकों एवं ग्रामीणों ने पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम में पं. श्री अजय उपाध्याय जी ने भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, सत्य, त्याग और मानव कल्याण से जुड़े प्रसंगों का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए। श्रीराम नाम के जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा। कथा के साथ आयोजित दिव्य दरबार में लोगों ने अपनी समस्याओं एवं मनोकामनाओं को लेकर अर्जी लगाई।
इस अवसर पर कांग्रेस आदिवासी जिलाध्यक्ष जागेश्वर सिंह राज ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। भगवान श्रीराम केवल आस्था के प्रतीक नहीं बल्कि आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा भी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में भाईचारा, प्रेम और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
उन्होंने आयोजन समिति धर्म सेना मातृ शक्ति जिला सक्ती की सराहना करते हुए कहा कि संस्था द्वारा धार्मिक चेतना के साथ-साथ सामाजिक समरसता को मजबूत करने का सराहनीय प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जुड़ने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं, युवा एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कथा स्थल पर भक्ति संगीत, दीप सज्जा और आकर्षक व्यवस्थाओं ने लोगों का मन मोह लिया। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं बैठने की विशेष व्यवस्था की गई थी।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर क्षेत्रवासियों ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों की निरंतरता की अपेक्षा जताई।

धर्म सेना मातृ शक्ति जिला के तत्वाधान में आयोजित श्रीराम कथा एवं दिव्य दरबार में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब kshititech