सक्ती

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने समाजसेवी मोहम्मद नफीस कुरैशी को दी श्रद्धांजलि, शोकाकुल परिवार से की मुलाकात

सक्ती – छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष एवं सक्ती विधायक डॉ. चरणदास महंत ने स्टेशन रोड क्षेत्र के निवासी एवं प्रतिष्ठित समाजसेवी जनाब मोहम्मद नफीस कुरैशी साहब के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके निवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दिवंगत के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया तथा शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उल्लेखनीय है कि जनाब मोहम्मद नफीस कुरैशी का 29 अप्रैल 2026, बुधवार को निधन हो गया था, जिसके बाद से पूरे शहर में शोक का माहौल है। अपने सौम्य स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और सामाजिक सक्रियता के कारण वे क्षेत्र में विशेष पहचान रखते थे और हर वर्ग के लोगों के बीच सम्मानित थे। स्वर्गीय जनाब मोहम्मद नफीस कुरैशी साहब नगर पालिका परिषद सक्ती के पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद इदरीश कुरैशी के बड़े भाई थे तथा नगर के प्रसिद्ध चिकित्सक हाजी स्वर्गीय डॉ. एम.एच. कुरैशी के बड़े सुपुत्र थे। वे समाजसेवा के कार्यों में सदैव अग्रणी रहते थे और जरूरतमंदों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहते थे, जिसके चलते उन्होंने समाज में अपनी अलग पहचान बनाई। इस दुखद अवसर पर डॉ. चरणदास महंत ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि स्व. मोहम्मद नफीस कुरैशी का समाज के प्रति योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि उनके निधन से समाज को अपूरणीय क्षति हुई है और उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। इस दौरान शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं परिचितों ने भी उनके निवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की। सभी ने दिवंगत के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। डॉ. महंत ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।