अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सक्ती में वृहद महतारी वंदन सम्मेलन एवं विविध कार्यक्रम आयोजित


नारी ही नारायणी , हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं महिलाएं – सांसद कमलेश जांगड़े

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की वर्चुअल उपस्थिति में महिलाओं के खातों में जारी हुई महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त
सक्ती – अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सक्ती जिले में महिलाओं के सम्मान, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में वृहद महतारी सम्मेलन, मेगा हेल्थ कैंप, खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय परिसर, स्टेशन रोड सक्ती में मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन विष्णु देव साय की वर्चुअल उपस्थिति में आयोजित किया गया। साथ ही जिले में यह कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न परियोजनाओं मालखरौदा, डभरा एवं जैजैपुर में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं के योगदान का सम्मान करना तथा उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना रहा। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद लोकसभा क्षेत्र जांजगीर-चांपा श्रीमती कमलेश जांगड़े द्वारा माँ सरस्वती की छायाचित्र पर पूजा-अर्चना व सरस्वती मां की वंदना कर किया गया। इस अवसर पर सांसद लोकसभा क्षेत्र जांजगीर चांपा श्रीमती कमलेश जांगड़े ने अपने संबोधन में कहा कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि “नारी ही नारायणी है, नारी शक्ति आज हर क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और समाज को नई दिशा दे रही है।” उन्होंने महिलाओं से शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए शासन द्वारा संचालित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज राष्ट्रपति से लेकर मंत्री, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी तक हर क्षेत्र में महिलाएं उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं। सांसद ने कहा कि महिलाएं स्व-सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। कोसा से साड़ी बुनने, पैरा से कलाकृति बनाने, ड्रोन दीदी के माध्यम से खेती-किसानी सहित अनेक क्षेत्रों में महिलाएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं और सामाजिक व आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वृहद महतारी वंदन सम्मेलन, मेगा हेल्थ कैंप, खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी परियोजना से जुड़ी कार्यकर्ता, स्व सहायता समूह की दीदियां तथा बड़ी संख्या में महिलाएं और बालिकाएं उपस्थित रहीं। महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श तथा आवश्यक चिकित्सकीय सेवाएं भी प्रदान की गईं। साथ ही स्व-सहायता समूहों की उद्यमी महिलाओं द्वारा विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाए गए, जिनमें स्थानीय हस्तशिल्प, खाद्य उत्पाद और अन्य उपयोगी वस्तुओं का प्रदर्शन किया गया। इन स्टॉलों के माध्यम से महिलाओं की उद्यमिता और आत्मनिर्भरता की झलक देखने को मिली। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। जिले की सर्वश्रेष्ठ पर्यवेक्षक के रूप में सुश्री तान्या सिंह को 5000 रुपए की नगद प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। इसके अलावा विभिन्न परियोजनाओं के 6 पर्यवेक्षकों को 2-2 हजार रुपए, जिले के 34 सेक्टरों से चयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को एक एक हजार तथा सहायिकाओं को पांच पांच सौ रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गई। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कार्यकर्ताओं को पांच पांच हजार रुपए की नगद राशि देकर सम्मानित किया गया। इस प्रकार कुल 65,000 रुपए की नगद सम्मान राशि वितरित कर विभागीय कर्मियों के कार्यों की सराहना की गई। कार्यक्रम के अंतर्गत खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा महिलाओं के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर जल जीवन मिशन योजना की जानकारी भी दी गई। साथ ही सभी को पानी का सही उपयोग करने और उसे व्यर्थ न बहाने का संकल्प भी दिलाया गया। कार्यक्रम मे जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमल किशोर पटेल, जिला पंचायत सदस्य आयुष शर्मा, टिकेश्वर गबेल, उच्च न्यायालय अधिवक्ता चितरंजय पटेल, अभिषेक शर्मा, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, एसडीएम सक्ती कावेरी मरकाम , जिला शिक्षा अधिकारी कुमुदनी वाघ द्विवेदी, महिला एवं बाल विकास अधिकारी सुधाकर बोदले, जिला खेल अधिकारी हरि पटेल सहित जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्व सहायता समूह की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में जिले की महिलाएं एवं बालिकाएं तथा आमजन उपस्थित रहे।
महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त जारी
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा वर्चुअल माध्यम से आज महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त प्रदेश की महिलाओं के बैंक खातों में जारी की गई। इस अवसर पर राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम बस्तर जिला में आयोजित किया गया, जहां से मुख्यमंत्री ने योजना की राशि जारी की। उल्लेखनीय है कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रदेश की 69 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। 25वीं किस्त जारी होने के बाद अब तक महिलाओं के खातों में कुल 16 हजार 237 करोड़ 33 लाख रुपये की राशि अंतरित की जा चुकी है। इस अवसर पर सक्ती जिला की लगभग 1.94 लाख महिलाओं को भी राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की गई। जिले में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम के दौरान वृहद महतारी वंदन सम्मेलन एवं अन्य विविध कार्यक्रमों अन्तर्गत योजनाओं की हितग्राही महिलाओं ने मुख्यमंत्री के उद्बोधन को सुना तथा 25वीं किस्त की राशि प्रदान किए जाने पर आभार व्यक्त किया। महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता प्राप्त हो रही है, जिससे वे परिवार की आवश्यक जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण पर भी विशेष ध्यान दे पा रही हैं। इससे महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है और वे आर्थिक रूप से अधिक सशक्त एवं आत्मनिर्भर बन रही हैं।


