पुलिस जांच में जुटी चंद्रपुर शासकीय कॉलेज में बवाल

प्राचार्य और प्रोफेसरों में चले लात-घूंसे: गुटबाजी ने खोली शिक्षा तंत्र की पोल, परिसर बना अखाड़ा; थाने पहुंचा मामला,
सक्ती – सक्ती जिले के चंद्रपुर शासकीय महाविद्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब कॉलेज परिसर में प्रभारी प्राचार्य और शिक्षकों के बीच मारपीट की घटना सामने आई। घटना में प्रभारी प्राचार्य चरणदास बर्मन और प्रोफेसर ऋषि कुमार चंद्रा व लक्ष्मी प्रसाद के बीच तीखा विवाद हुआ, जो देखते ही देखते लात-घूंसे तक पहुंच गया। जानकारी के अनुसार, कॉलेज में लंबे समय से चली आ रही गुटबाजी और आपसी खींचतान इस टकराव की मुख्य वजह बताई जा रही है। शिक्षा का मंदिर कहे जाने वाले संस्थान में खुलेआम हुई हिंसा ने कॉलेज प्रशासन और शिक्षा व्यवस्था की गरिमा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद प्रभारी प्राचार्य सहित संबंधित प्रोफेसरों ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है और सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल, इस घटना के बाद कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल है। प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई और विभागीय जांच की संभावना जताई जा रही है।


