समाज कल्याण विभाग अंतर्गत यू.डी.आई.डी. कार्ड, पेंशन हितग्राहियों का सत्यापन एवं सामग्री वितरण हेतु चिन्हांकन शिविर का हो रहा आयोजन

डभरा – शासन के निर्देशानुसार दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों हेतु सामाजिक सहायता कार्यक्रम अंतर्गत संचालित पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों को डी.बी.टी. के माध्यम से भुगतान सुनिश्चित करने हेतु आधार कार्ड, मोबाइल नंबर सीडिंग, मृत हितग्राहियों के विलोपन हेतु उक्त योजनांतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों का शत–प्रतिशत सत्यापन किया जाएगा। साथ ही दिव्यांगजनों के यू.डी.आई.डी. कार्ड बनाने तथा छूटे हुए दिव्यांगजनों का चिन्हांकन भी किया जाएगा। इस कार्य के लिए जिले के सभी नगरीय निकायों में तिथिवार शिविर आयोजित किया जा रहा है। जिसके तहत 27 नवम्बर 2025 को सामुदायिक भवन नगर पंचायत डभरा में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में 28 नवम्बर 2025 को कार्यालय नगर पंचायत नया बाराद्वार में, 01 दिसम्बर 2025 को कार्यालय नगर पंचायत चन्द्रपुर में तथा 02 दिसम्बर 2025 को कार्यालय नगर पंचायत जैजैपुर में यह शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 02 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों का डी.एल.सी., मोबाइल नंबर, आधार सीडिंग एवं दिव्यांगजनों का यू.डी.आई.डी. कार्ड पंजीयन तथा उपकरण वितरण हेतु चिन्हांकन संबंधित कार्य किया जाएगा। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने शिविर के सम्बन्ध में जमीनी स्तर पर प्रचार प्रसार कराने तथा मुनादी कराते हुए सुव्यवस्थित शिविर आयोजन कराए जाने के निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि 24 नवम्बर को कार्यालय नगर पालिका परिषद सक्ती में और 26 नवम्बर को कार्यालय नगर पंचायत अड़भार में शिविर का आयोजन किया गया है। जिससे हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं।


