सक्ती

रूपेश अग्रवाल ने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से पाई बचत और पर्यावरण सुरक्षा की सौगात

सक्ती-   केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना देश को ऊर्जा के लिए आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल के रूप में उभर रही है। इस योजना का लक्ष्य है प्रत्येक घर को स्वच्छ, नवीकरणीय और किफायती ऊर्जा से जोड़ना, जिससे न केवल बिजली बिल में बचत हो, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लक्ष्य भी पूरे हों। इसी सोच को साकार करते हुए सक्ती जिले के निवासी  रूपेश अग्रवाल ने भी अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल सितम्बर 2025 को स्थापित कराया है जिसमे प्रतिदिन 12 से 15 यूनिट तक बिजली उत्पन्न हो रही है। श्री अग्रवाल ने बताया कि इस पर उन्हें कुल 1.90 लाख रुपये की लागत आई, जिसमें से केंद्र सरकार से 78,000 रुपये की राशि उन्हें सब्सिडी के रूप में प्राप्त हो चुकी है तथा जल्द ही राज्य सरकार से 30,000 रुपये सब्सिडी के रूप में और मिलने वाली है।  अग्रवाल ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को एक जनहितकारी और दूरदर्शी पहल बताते हुए कहा कि इस योजना ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने बताया कि पहले हर महीने उन्हें 3000 से 4000 रुपये तक बिजली बिल चुकाना पड़ता था। लेकिन अब सौर ऊर्जा अपनाने के बाद बिजली बिल हर महीने लगभग 500 से 600 रुपए तक ही आ रहा है। उन्होंने आगे कहा कि इस योजना से उन्हें सिर्फ आर्थिक राहत ही नहीं मिली है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का भी अवसर प्राप्त हुआ है। सौर ऊर्जा से घर की जरूरतें पूरी होने के साथ ही प्रदूषण और कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आती है, जिससे आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।  अग्रवाल ने इस योजना के लिए प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना ने हमें भारी बिजली बिल से मुक्ति दिलाई है और साथ ही हमें प्रकृति के संरक्षण में भागीदार भी बनाया है। यह वास्तव में हर नागरिक के लिए लाभकारी योजना है। उन्होंने कहा कि मैं सभी लोगों से अपील करता हूँ कि वे भी इस योजना का लाभ उठाएँ और अपने घर को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाएं। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना अब सक्ती जिले में भी तेजी से लोकप्रिय हो रही है और अधिक से अधिक परिवार सौर ऊर्जा अपनाकर ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे हैं। इस योजना के तहत उपभोक्ता स्वयं अपने घर की छत पर रूफ टॉप सोलर प्लांट लगाकर बिजली उत्पादन कर उर्जादाता भी बन सकते हैं। इस योजना के तहत उपभोक्ता अपना पंजीयन करने के लिए ऑनलाइन पोर्टल https://pmsuryaghar.gov.in/ एवं पीएम सूर्यघर मोबाइल एप्प , सीएसपीडीसीएल की वेबसाइट अथवा टोल फ्री नम्बर 1912 पर कॉल कर पंजीयन करा सकते है। इस योजना के तहत एक किलोवाट का सोलर प्लांट लगाने पर केन्द्र सरकार से 30000 रुपए एवं राज्य सरकार से 15000 रुपए की सब्सिडी मिलती है। इसी तरह दो किलोवाट सोलर प्लांट लगाने पर केंद्र सरकार की तरफ से 60000 रुपए तो राज्य सरकार की तरफ से  30000 रुपए की सब्सिडी और तीन किलोवाट सोलर प्लांट लगाने पर केन्द्र सरकार की तरफ से 78000 रुपए तो राज्य सरकार की तरफ से 30000 रुपए की सब्सिडी मिलती है। इस योजना से न केवल घर-घर रोशनी पहुँचेगी बल्कि अतिरिक्त ऊर्जा उत्पादन से आर्थिक मजबूती भी मिलेगी।