जिले के आंगनबाड़ी में खेल-खेल में अंग्रेजी सीख रहे नन्हे बच्चे

सक्ती जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा के साथ भाषा सीखने पर दिया विशेष जोर
सक्ती – सेवा संकल्प अभियान के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओ से लोगों के जीवन मे आ रहे सेवा की कहानिया सामने आ रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्राप्त जानकारी अनुसार सक्ती जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों के लिए और अधिक बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी पहल की एक झलक आंगनबाड़ी केंद्र रगजा-3 में देखा जा सकता है, जहां बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा के साथ उनके सीखने के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए अंग्रेजी भाषा को भी गतिविधियों में शामिल किया गया है। इस पहल का उद्देश्य बच्चों पर अंग्रेजी थोपना नहीं, बल्कि खेल-खेल और सहज वातावरण के माध्यम से उन्हें एक नई भाषा से परिचित कराना है, ताकि बचपन में सीखने और विकास के महत्वपूर्ण समय में वे नए शब्दों और भाषा से स्वाभाविक रूप से परिचित हो सकें। इसके अंतर्गत बच्चों को A से Z तक अंग्रेजी अक्षरों की पहचान, दैनिक जीवन में उपयोग होने वाले छोटे-छोटे अंग्रेजी शब्द जैसे Good Morning, Hello और Play, अंग्रेजी में अपना परिचय देना, छोटी-छोटी अंग्रेजी कविताएं एवं राइम्स तथा सरल अंग्रेजी शब्दों और वाक्यों का बोलचाल में प्रयोग जैसी गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के लिए सीखने की प्रक्रिया को सरल, सहज और रोचक बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इस पहल के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के सीखने और विकास को बढ़ावा देने के साथ-साथ उन्हें आवश्यक देखभाल भी प्रदान की जा रही है। इस प्रयास को प्रभावी बनाने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सुपरवाइजर के माध्यम से प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि वे बच्चों के साथ अंग्रेजी भाषा से जुड़ी गतिविधियों को सहज और मनोरंजक तरीके से सीखा सकें। इस प्रकार आंगनबाड़ी केंद्र में शिक्षा और भाषा सीखने की गतिविधियों को बच्चों की उम्र और सहज सीखने की प्रक्रिया के अनुरूप रखा गया है।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बताया गया कि सक्ती जिले की इस पहल का व्यापक उद्देश्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां बच्चों को पोषण के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य के साथ देखभाल और सीखने के साथ आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर मिले। अंग्रेजी भाषा से परिचय कराने की यह गतिविधि बच्चों के प्रारंभिक सीखने के अनुभव को और समृद्ध करने की दिशा में एक प्रयास है। जिले में यह प्रयास निरंतर जारी रखने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों के लिए और अधिक सार्थक एवं बेहतर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जाने की बात कही गई है। रगजा-3 आंगनबाड़ी केंद्र की यह पहल दर्शाती है कि बच्चों के प्रारंभिक वर्षों में खेल, गतिविधियों और सहज वातावरण के माध्यम से सीखने के अवसर उपलब्ध कराकर उनके समग्र विकास की नींव को और मजबूत किया जा सकता है।
