कलेक्टर ने एसडीएम, तहसील, जनपद कार्यालय, नगर पालिका एवं तहसील का किया औचक निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

सक्ती – कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने आज जिले में प्रशासनिक व्यवस्थाओं एवं शासकीय कार्यों के सुचारू संचालन का जायजा लेने के उद्देश्य से एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय, जनपद पंचायत कार्यालय, नगर पालिका कार्यालय एवं तहसील का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं में संचालित कार्यों, अभिलेखों के संधारण, लंबित प्रकरणों तथा आम नागरिकों से संबंधित सेवाओं की प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्यों में समयबद्धता एवं पारदर्शिता बनाए रखने, लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने तथा आम नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ सुगमता एवं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई, दस्तावेजों के व्यवस्थित संधारण तथा कार्यस्थल पर अनुशासन बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यालयों में आने वाले नागरिकों की समस्याओं एवं आवेदनों का गंभीरतापूर्वक निराकरण किया जाए तथा निर्धारित समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित हो। कलेक्टर ने अधिकारियों को अपने-अपने विभागीय दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करते हुए शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
