आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष जागेश्वर सिंह राज के नेतृत्व में ग्राम डड़ाई में कांग्रेस का विशाल धरना-प्रदर्शन

केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ गरजे कांग्रेसजन

सक्ती- ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सक्ती (ग्रामीण) के तत्वावधान में ग्राम डड़ाई में केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों पर हो रहे कथित हमलों के विरोध में एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं, जनप्रतिनिधियों, किसानों, युवाओं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
धरना-सभा को संबोधित करते हुए आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष जागेश्वर सिंह राज ने कहा कि देश में लोकतंत्र और संविधान की भावना को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए सरकारी एजेंसियों और प्रशासन का दुरुपयोग किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।
वक्ताओं ने राहुल गांधी को धरना स्थल से हटाए जाने की घटना का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उनका कहना था कि शांतिपूर्ण आंदोलन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन वर्तमान सरकार विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के आंदोलनों को भी प्रशासनिक दबाव के माध्यम से रोकने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों, युवाओं और देशवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि ठाकुर गुलजार सिंह, अमित कुमार राठौर, जनपद उपाध्यक्ष बंशीधर खंडे, विधायक प्रतिनिधि एवं किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष सादेश्वर कुमार गवेल, लखन राठौर, सहसराम कार्स, राजीव कुमार जायसवाल, मेदिनी नारायण, रूपनारायण साहू, श्याम कुमार सिद्धार्थ, गणेशाराम केवट, शैलेंद्र सिद्धार्थ, हीरा शाह यादव, संजय सिद्धार्थ, राठौड़ सरपंच, द्वारपाड़ा सरपंच सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेसजन एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश आज महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और युवाओं के भविष्य जैसे गंभीर मुद्दों से जूझ रहा है, लेकिन केंद्र सरकार इन मूलभूत समस्याओं के समाधान के बजाय विपक्ष और जनआंदोलनों को दबाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति की आवाज का सम्मान होना चाहिए और जनता के सवालों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाना चाहिए।
वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर केंद्र सरकार की नीतियों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने और जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया।
धरना-प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, किसान, युवा एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने लोकतंत्र की रक्षा, संविधान के सम्मान तथा जनहित के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

