सक्ती

बोरदा-सकरेली कलां मार्ग के पुल पर हुआ जलभराव

सक्ती –  सक्ती क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बोरदा-सकरेली कलां मार्ग पर स्थित पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। आसपास के ग्रामीणों को रोजाना आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।इस मार्ग से सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है। बच्चे प्रतिदिन इसी रास्ते से स्कूल पहुंचते हैं, लेकिन पुल पर पानी का तेज बहाव होने से हादसे का खतरा बना रहता है।
अभिभावक भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। कई ग्रामीण मजबूरी में लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाकर अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं, जिससे उनका समय और खर्च दोनों बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने इस समस्या की जानकारी शासन और प्रशासन को दे दी है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुल पर पानी का बहाव जारी रहा और आवागमन सामान्य नहीं हो सका। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुल का तत्काल निरीक्षण कराने, सुरक्षा व्यवस्था लगाने और पानी का बहाव कम होने तक बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।