सक्ती

सक्ती में ट्रेन की चपेट में आए गोवंश:तीन की मौत, एक बछड़ा गंभीर घायल; गौ सेवा समिति ने किया रेस्क्यू

सक्ती – सक्ती जिले में शनिवार को केरीबंधा और टेमर के बीच रेलवे ट्रैक पर ट्रेन दुर्घटना में तीन गोवंशों की मौत हो गई। इस हादसे में एक बछड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर सक्ती की गौ सेवा समिति की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने घायल बछड़े का रेस्क्यू कर उसे उपचार के लिए आश्रय स्थल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, रेलवे कर्मचारियों ने गौ सेवा समिति सक्ती को सूचित किया था कि केरीबंधा और सोठी के बीच रेलवे ट्रैक क्रमांक 633/21A पर चार गौवंश ट्रेन की चपेट में आ गए हैं। सूचना मिलते ही समिति के सदस्य घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।
बछड़ा का पैर कटा
मौके पर पहुंचने पर समिति सदस्यों ने देखा कि तीन गौवंशों की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं, एक बछड़ा गंभीर रूप से घायल अवस्था में रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा था, जिसके दोनों पैर कट गए थे।
गौ सेवा समिति ने किया रेस्क्यू
गौ सेवा समिति के सदस्यों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। घायल बछड़े को सावधानीपूर्वक गौ सेवा वाहन में लादकर आश्रय स्थल ले जाया गया, जहां उसका इलाज और देखभाल की जा रही है। समिति ने बताया कि घायल बछड़े को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। समिति के गौ सेवकों ने मृत तीनों गौवंशों को भी गौ सेवा वाहन में रखकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। इसके बाद सक्ती नगर पालिका के सहयोग से तीनों मृत गौवंशों का विधिवत अंतिम संस्कार किया गया।