21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की सभी तैयारिया करें सुनिश्चित – कलेक्टर

मुख्यमंत्री हेल्पलाईन, सुशासन तिहार, समय सीमा के लंबित प्रकरणों पर की गई समीक्षा, प्राप्त आवेदनों का करें समयबद्ध निराकरण

सक्ती – कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अमृत विकास तोपनो ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं विभागीय योजनाओं के प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। कलेक्टर ने बैठक में आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों, मुख्यमंत्री हेल्पलाईन, खाद उपलब्धता, मानसून पूर्व तैयारियों एवं आपदा प्रबंधन, ई-ऑफिस, सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों के निराकरण, समय सीमा के लंबित प्रकरणों सहित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक मे कलेक्टर ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सुव्यस्थित योग कार्यक्रम आयोजन की सभी तैयारिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि सामुदायिक भवन सक्ती में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने योग दिवस कार्यक्रम के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए मंच निर्माण, कारपेट, साउंड सिस्टम, पेयजल, साफ-सफाई, मेडिकल टीम आदि अन्य आधारभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन योजना के संचालन को लेकर सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन के संचालन के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखी जाए तथा शिकायतों के निराकरण संबंधी सभी प्रक्रियाओं को निर्धारित समय सीमा में करे, ताकि सीएम हेल्पलाइन की सुविधा से आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जा सके। कलेक्टर ने प्री-मानसून तैयारियों एवं प्राकृतिक आपदा प्रबंधन की समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, राहत एवं बचाव कार्यों की अग्रिम तैयारी करने, आवश्यक उपकरण, संसाधन एवं मानवबल उपलब्ध रखने कहा। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान किसानों एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग सतर्कता, तत्परता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। बैठक में कलेक्टर ने लंबित राजस्व मामलों के निपटान के लिए राजस्व अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर सुव्यवस्थित कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी खरीफ फसल सीजन के दृष्टिगत कृषि विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि विभाग को खाद बीज वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए है।
कलेक्टर ने वन विभाग, उद्यानिकी विभाग एवं रेशम विभाग से पौधों की उपलब्धता की जानकारी ली तथा आगामी मानसून में पौधरोपण की आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग को नए शैक्षणिक सत्र के लिए शाला प्रवेश उत्सव का प्रभावी आयोजन करने और विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तकों एवं गणवेश का वितरण सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए है। बैठक में कलेक्टर ने जिले में अवैध रूप से खाद विक्रय एवं भण्डारण करने वाले दुकानदारों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागवार समीक्षा के दौरान लंबित मामलों पर सभी विभागों को समय-सीमा में प्राथमिकता के आधार पर प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर द्वारा जाति प्रमाण पत्र के कार्य , अपार आईडी, आंगनबाड़ी केंद्रो के संचालन की स्थिति, छात्रावास व आश्रमों का निरीक्षण कार्य, लोक सेवा गारंटी, लंबित पेंशन प्रकरणों, पीएम सुर्यघर मुफ्त बिजली योजना, आयुष्मान योजना, पीएम आवास योजना सहित अन्य विभागीय कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने तहसीलवार विवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, नक्शा बटांकन, त्रुटि सुधार, आधार प्रविष्टि सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इसी प्रकार कलेक्टर द्वारा पंचायत विभाग, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मत्स्य पालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिये गए। साथ ही विभागवार समय-सीमा के लंबित प्रकरणों, जनदर्शन एवं जनचौपाल में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर के एस पैकरा, संयुक्त कलेक्टर अरुण कुमार सोम, एसडीएम सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम, एसडीएम मालखरौदा रूपेंद्र पटेल, एसडीएम डभरा विनय कुमार कश्यप, डिप्टी कलेक्टर प्रीतेश राजपूत, जिला कोषालय अधिकारी उपेन्द्र पटेल, महिला एवं बाल विकास अधिकारी सुधाकर बोदले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।




