इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी जिला समिति के निर्वाचन को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में भारी हंगामा एवं विरोध

कलेक्टर ने रोकी प्रक्रिया बोले — अब विधिवत होगा निर्वाचन

सक्ती – इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी जिला समिति के निर्वाचन को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक सोमवार को भारी हंगामे और विरोध के बीच बिना किसी निष्कर्ष के समाप्त हो गई। नियमानुसार निर्वाचन प्रक्रिया नहीं अपनाए जाने का आरोप लगाते हुए कई सदस्यों ने खुलकर विरोध दर्ज कराया, जिसके चलते पूर्व निर्धारित एजेंडे के अनुसार बैठक आगे नहीं बढ़ सकी। बढ़ते विवाद और असहमति के बीच कलेक्टर को हस्तक्षेप करना पड़ा और अंततः निर्वाचन प्रक्रिया को अगली तिथि तक के लिए स्थगित कर दिया गया। बैठक में प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत, जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद कमलेश जांगड़े, कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत सहित जिले के कलेक्टर, एसपी, जिला पंचायत सीईओ, सीएमएचओ, जिला शिक्षा अधिकारी और बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे। लंबे समय बाद जिला समिति के गठन को लेकर आयोजित बैठक से लोगों को ठोस निर्णय की उम्मीद थी, लेकिन बैठक विवादों में उलझ गई।
निर्वाचन प्रक्रिया पर उठे सवाल, सदस्यों ने कहा — नियमों से समझौता मंजूर नहीं
बैठक शुरू होते ही कुछ सदस्यों ने निर्वाचन प्रक्रिया की वैधानिकता पर सवाल खड़े कर दिए। सदस्यों का आरोप था कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही और कई आवश्यक औपचारिकताएं पूरी किए बिना निर्वाचन कराने की कोशिश की जा रही है। सदस्य सूची, प्रक्रिया और पात्रता को लेकर भी आपत्तियां सामने आईं।
विरोध कर रहे सदस्यों ने साफ कहा कि रेडक्रॉस जैसी महत्वपूर्ण संस्था का चुनाव पूरी तरह नियमसम्मत और निष्पक्ष तरीके से होना चाहिए। इसी मुद्दे को लेकर बैठक में काफी देर तक तीखी बहस चलती रही।
कुछ सदस्य बोले — बार-बार स्थगन से ठप हो रहा रेडक्रॉस का कामकाज
बैठक के दौरान कुछ सदस्यों ने यह भी मांग रखी कि निर्वाचन को और अधिक लंबित न किया जाए तथा तत्काल चुनाव प्रक्रिया पूरी कर नई कार्यकारिणी गठित की जाए। सदस्यों ने कहा कि जिला समिति का निर्वाचन पहले भी दो से तीन बार टल चुका है, जिसके कारण रेडक्रॉस सोसायटी के कई जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
सदस्यों का कहना था कि समिति का नियमित गठन नहीं होने से जनसेवा, स्वास्थ्य सहायता और अन्य योजनाओं से जुड़े निर्णय अटके पड़े हैं। ऐसे में जल्द से जल्द वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर नई कार्यकारिणी बनाना जरूरी है।
कलेक्टर का हस्तक्षेप, अब नई तिथि पर होगा चुनाव
स्थिति बिगड़ती देख कलेक्टर ने स्वयं हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों की बात सुनी और फिलहाल निर्वाचन प्रक्रिया को स्थगित करने का निर्णय लिया। कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि अब नई तिथि निर्धारित कर पूरी प्रक्रिया नियमों और प्रावधानों के तहत संपन्न कराई जाएगी ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न हो।
जानकारी के अनुसार डिप्टी कलेक्टर के.एस. पैकरा को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। अब उनके निर्देशन में सदस्य सूची और अन्य प्रक्रियाओं को अंतिम रूप देकर अगली तिथि घोषित की जाएगी।
फिलहाल अधर में लटका जिला समिति का गठन
रेडक्रॉस सोसायटी जिला समिति का निर्वाचन फिर टलने से कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया एक बार फिर अधर में लटक गई है। बैठक में हुए घटनाक्रम के बाद जिले में यह चर्चा तेज हो गई है कि आखिर बार-बार निर्वाचन प्रक्रिया विवादों में क्यों घिर रही है। अब सभी की नजर प्रशासन द्वारा घोषित की जाने वाली अगली तिथि और नई प्रक्रिया पर टिकी हुई है।


