कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी आमजनों की विभिन्न समस्याएं

सक्ती – जिला कार्यालय में आयोजित हुए कलेक्टर जनदर्शन में आज कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अमृत विकास तोपनो द्वारा जिले के दूर दराज के इलाकों से आए विभिन्न लोगों की समस्याएं सुनी गई। जनदर्शन में आज अलग-अलग समस्याओं के निराकरण हेतु कुल 15 आवेदन प्राप्त हुए। जिस पर कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों को कलेक्ट्रेट परिसर सभाकक्ष में उपस्थित संबंधित अधिकारियों को तत्काल देकर यथाशीघ्र नियमानुसार त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए है। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ वासु जैन, अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर के एस पैंकरा सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
जनदर्शन में आज तहसील अड़भार अंतर्गत ग्राम नौरंगपुर निवासी प्रीतराम तथा जीवन सिंह ने सीमांकन करवाने के संबंध में, तहसील सक्ती अंतर्गत ग्राम डंगबोरा निवासी इतवारा बाई ने ग्राम डंगबोरा की वन अधिकार पट्टा की भूमि पर धान विक्रय पंजीयन के सबंध में, तहसील नया बाराद्वार अंतर्गत ग्राम सकरेली निवासी नीलम पटेल ने बिना सहमति निजी जमीन पर रोड सेप्टीवाल निर्माण का मुआवजा प्रदाय करने के सबंध में, तहसील नया बाराद्वार अंतर्गत ग्राम सकरेली निवासी बहरतीन बाई पटेल ने एकल सदस्य होने के कारण प्राथमिकता श्रेणी के राशनकार्ड को अंत्योदय श्रेणी में सम्मिलित करने के संबध में, तहसील सक्ती अंतर्गत वार्ड न 2 सक्ती निवासी राम तम्बोली ने टोकन न कटने के संबध में, तहसील जैजैपुर अंतर्गत ग्राम खम्हरिया निवासी नगेश कुमार ने ग्राम पंचायत अकलसरा में स्थापित डोलोमाइट माइंस के द्वारा मुआवजा दिलाने के संबध में और उमाबाई राठौर द्वारा जीपीएफ भुगतान कराने के सम्बन्ध में सहित अन्य विभिन्न आवेदको द्वारा साप्ताहिक जनदर्शन में आवेदन दिया गया। उल्लेखनीय है कि आमजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ तथा शीघ्र निराकरण करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रत्येक सप्ताह के मंगलवार को जिला स्तरीय जनदर्शन का आयोजन किया जा रहा है।


