नाबालिग ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से मासूम की मौत

जैजैपुर – सक्ती जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र के भोथिया गांव में नाबालिग ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव की गली में अनियंत्रित ट्रैक्टर लोहे के खंभे से टकरा गई, जिससे खंभा गिरकर एक मासूम बच्चे के ऊपर आ गिरा। हादसे में 9 वर्षीय मोनिक चंद्रा, पिता दिनेश चंद्रा, की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, नाबालिग द्वारा तेज और लापरवाहीपूर्वक ट्रैक्टर चलाया जा रहा था। अचानक नियंत्रण बिगड़ने से ट्रैक्टर सड़क किनारे लगे लोहे के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा उखड़कर पास में खड़े मासूम बच्चे पर गिर पड़ा, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया, जिससे ट्रैक्टर पूरी तरह जलकर खाक हो गई। स्थिति को बिगड़ते देख तत्काल जैजैपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को नियंत्रित किया और अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था के लिए आसपास के थानों से भी पुलिस बल बुलाया गया। फिलहाल जैजैपुर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। नाबालिग चालक के ट्रैक्टर चलाने के मामले में कानूनी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस हृदयविदारक हादसे के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।


