जिलें में आयुष्मान भारत महाअभियान के तहत ब्लॉक मालखरौदा में 70+ आयु वर्ग के लिए विशेष शिविर का हुआ आयोजन


सक्ती – कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन एवं नेतृत्व में जिले में आयुष्मान कार्ड महाअभियान का व्यापक स्तर पर संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में 15 जनवरी 2026 को ब्लॉक मालखरौदा अंतर्गत ग्राम पंचायत आडील, बीरभाटा, कलमी एवं पीहरीद में 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के पात्र वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान कार्ड निर्माण हेतु विशेष शिविर आयोजित किए गए। उक्त शिविरों का निरीक्षण मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पूजा अग्रवाल, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ मृत्युंजय राठौर, खंड कार्यक्रम प्रबंधक थानेश्वर पटेल एवं बीईटीओ द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान शिविरों में की गई व्यवस्थाओं, हितग्राहियों की उपस्थिति, दस्तावेज सत्यापन तथा कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। निरीक्षण के समय अधिकारियों द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए कि आयुष्मान कार्ड एवं विशेष रूप से 70 आयु वर्ग के आयुष्मान कार्यों का 100 प्रतिशत निर्माण सुनिश्चित किया जाए। जो पात्र हितग्राही किसी कारणवश शिविर में उपस्थित नहीं हो पा रहे हैं। उनके लिए डोर-टू-डोर जाकर कार्ड निर्माण अनिवार्य रूप से किया जाए ताकि कोई भी पात्र नागरिक योजना के लाभ से वंचित न रहे। कलेक्टर के मार्गदर्शन में यह महाअभियान आयुष्मान कार्ड कवरेज 100 प्रतिशत तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा समस्त सीएचओ, आरएचओ, मितानिन एवं आंगनबाडी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए शेष बचे सभी पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन कर शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड निर्माण सुनिश्चित करें। साथ ही कार्य की निरंतर मॉनिटरिंग एवं दैनिक प्रगति रिपोर्टिंग समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। जिला प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के सभी पात्र वरिष्ठ नागरिक आवश्यक दस्तावेजों के साथ निकटतम शिविर स्वास्थ्य केंद्र पर पहुँचकर अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं, जिससे उन्हें आवश्यकता के समय निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त हो सके।


