स्वच्छता के दावे फेल: बुधवारी बाजार वार्ड 03 में कचरे का अंबार, संक्रामक बीमारियों के फैलने का मंडराया खतरा


सक्ती – शहर के पास और व्यस्त इलाकों में शुमार बुधवारी बाजार वार्ड क्रमांक 03, शराब भट्टी के पास इन दिनों बदहाली और भयंकर गंदगी से जूझ रहा है। स्थानीय प्रशासन और नगर पालिका के तमाम दावों के बावजूद यहां सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है, जिससे रहवासियों और दुकानदारों का जीना मुहाल हो गया है।
सब्जी मार्केट और साप्ताहिक बाजार में पसरी है गंदगी
इस क्षेत्र की सबसे बड़ी विडंबना यह है कि जिस स्थान पर हर रोज ‘डेली सब्जी मार्केट’ लगता है और जहां साप्ताहिक बाजार के दिन हजारों की संख्या में खरीदार व विक्रेता पहुंचते हैं, उसी मुख्य स्थल पर कचरे के ऊंचे-ऊंचे ढेर लगे हुए हैं। सड़ी-गली सब्जियां, प्लास्टिक कचरा और अन्य अपशिष्ट पदार्थ खुले में सड़ रहे हैं, जिससे उठने वाली दुर्गंध के कारण वहां खड़े रहना भी दूभर हो गया है।
बीमारियों के फैलने की आशंका से सहमे लोग
सफाई न होने के कारण इस इलाके का वातावरण लगातार दूषित होता जा रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो क्षेत्र में हैजा ,मलेरिया, डेंगू और टाइफाइड जैसी गंभीर संक्रामक बीमारियां तेजी से फैल सकती हैं। जगह-जगह जमा गंदे पानी और कचरे के कारण मच्छरों और मक्खियों का प्रकोप भी चरम पर है।
शासन-प्रशासन की उदासीनता पर आक्रोश
स्थानीय रहवासियों और दुकानदारों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार स्थानीय प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया गया है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। प्रशासनिक लापरवाही के कारण लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
जनता की मांग: जल्द ही विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। साथ ही, कचरे के नियमित उठान की पुख्ता व्यवस्था की जाए, ताकि आम जनता को बीमारियों के साये से बचाया जा सके। यदि जल्द ही कदम नहीं उठाए गए, तो स्थानीय नागरिकों द्वारा उग्र आंदोलन किया जा सकता है।
