जिला पंचायत सीईओ ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर दिए आवश्यक निर्देश

विद्यालयों में शिक्षा गुणवत्ता सुधारने एवं लंबित कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के दिए निर्देश
सक्ती – कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन मे जिला पंचायत सक्ती मुख्य कार्यपालन अधिकारी वासु जैन ने आज जिला पंचायत सभाकक्ष में शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में संचालित विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं एवं अन्य गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने शिक्षा विभाग के सभी जिला स्तरीय और विकास खंड स्तरीय अधिकारियों से विभागीय योजनाओं और कार्यो की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अपार आईडी, एमबीयू अपडेशन, जाति प्रमाण पत्र एवं इंस्पायर अवार्ड की प्रगति की समीक्षा की। जिला पंचायत सीईओ ने इन कार्यों को शिविर आयोजित कर निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में प्रतिदिन अंशकालीन सफाईकर्मी के माध्यम से विद्यालय परिसर, कक्षाओं एवं शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को अत्यधिक आवश्यकता वाले विद्यालयों को चिन्हित कर अतिरिक्त कक्ष एवं शौचालय निर्माण के लिए मांग पत्र एवं प्राक्कलन शीघ्र जमा करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ जैन ने आगामी माह में कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम आयोजित करने तथा विद्यार्थियों से सीधे संवाद के लिए कार्ययोजना तैयार करने की बात कही। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. कुमुदिनी वाघ द्विवेदी ने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को जिला पंचायत सीईओ द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने तथा जिले में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए सतत प्रयास करने के निर्देश दिए। बैठक में बीईओ सक्ती दिलीप कुमार पटेल, बीईओ मालखरौदा एम.एल. प्रधान, बीईओ डभरा श्रीमती लक्ष्मी चौहान, बीईओ जैजैपुर रामकुमार साहू, एबीईओ श्रीमती नीलिमा बड़गे, चंद्रिका आर्मो, मनीष शर्मा, सेजेस नोडल अरुण कुमार जायसवाल, जिला नोडल स्थानीय परीक्षा सुरेश कुमार जायसवाल तथा आशुतोष शर्मा सहित शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

