सक्ती

“बारह साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” थीम पर जिले में मैराथन दौड़ एवं भव्य विकास प्रदर्शनी का होगा आयोजन

12 से 15 जून तक जिला पंचायत परिसर में सजेगी विकास की तस्वीर, योजनाओं, उपलब्धियों की मिलेगी जानकारी

सक्ती – कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में “बारह साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” थीम के अंतर्गत जिले में मैराथन दौड़ एवं भव्य विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। जिनमें जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग सक्ती द्वारा 12 जून 2026 को जिला मुख्यालय सक्ती में मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन प्रातः 6:30 बजे से प्रारंभ होगा। मैराथन दौड़ की शुरुआत सेजेस स्कूल सक्ती से होगी। निर्धारित मार्ग के अनुसार प्रतिभागी कचहरी चौक, गौरव पथ, बुधवारी बाजार, राजापारा चौक, शनि मंदिर चौक एवं मालखरौदा बस स्टैंड होते हुए पुनः सेजेस स्कूल पहुंचेंगे, जहां दौड़ का समापन होगा। इसी क्रम में 12 जून से 15 जून 2026 तक जिला पंचायत परिसर में भव्य विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। यह प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विभागों की महत्वपूर्ण उपलब्धियों तथा नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा। जिससे नागरिकों को विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की व्यापक जानकारी प्राप्त हो सकेगी। जिला प्रशासन ने जिले के नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं  बुजुर्गों सहित समस्त जिलेवासियों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर शासन की योजनाओं एवं जिले की विकास उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।