खरीफ वर्ष 2026: सक्ती जिले में बीज उत्पादन कार्यक्रम हेतु फसल पंजीयन 19 से 24 जून तक

कृषकों से निर्धारित तिथियों पर आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित होकर पंजीयन कराने की अपील
सक्ती – खरीफ वर्ष 2026 में बीज उत्पादन कार्यक्रम अंतर्गत कृषकों के खेतों पर लिए जाने वाले उत्पादन कार्यक्रम के लिए फसल पंजीयन किया जाएगा। इसके लिए सक्ती जिले के विभिन्न विकासखंडों में निर्धारित तिथियों पर पंजीयन कार्य आयोजित किया गया है। कृषि विभाग ने संबंधित कृषकों से निर्धारित तिथि एवं समय पर स्वयं उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ फसल पंजीयन कराने की अपील की है। जारी कार्यक्रम के अनुसार विकासखंड सक्ती में 19 जून 2026, डभरा में 22 जून 2026, जैजैपुर में 23 जून 2026 तथा मालखरौदा में 24 जून 2026 को पंजीयन कार्य संपादित किया जाएगा। सभी स्थानों पर पंजीयन का समय प्रातः 10 बजे से सायं 5:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार फसल पंजीयन के लिए कृषकों को किसान आईडी (एग्रीस्टैक कोड), पासपोर्ट साइज का नवीन रंगीन फोटो, बी-1 एवं पटवारी द्वारा सत्यापित खसरा की प्रति, आधार कार्ड, पैन कार्ड, चालू मोबाइल नंबर तथा बैंक पासबुक की स्पष्ट छायाप्रति प्रस्तुत करनी होगी। पंजीयन के समय कृषक की स्वयं उपस्थिति अनिवार्य होगी। विभाग द्वारा बताया गया है कि पंजीयन केवल बी-1 में दर्ज नंबरदार कृषक के नाम से ही किया जाएगा। यदि भूमि में अन्य भागीदार हैं तो नंबरदार के पक्ष में उनकी सहमति पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक होगा, ताकि बीज उपार्जन के समय किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। साथ ही शासन द्वारा निर्धारित प्रपत्र पर 10 रुपये अथवा अधिक मूल्य के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पेपर पर शपथ-पत्र भी देना होगा कि बीज निगम में पंजीकृत रकबे का बीज सहकारी समिति में विक्रय नहीं किया जाएगा। कृषि विभाग ने सभी पात्र कृषकों से निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित होकर समय पर फसल पंजीयन कराने का आग्रह किया है।




