सक्ती

सक्ती के दर्री तालाब के पास मंडरा रहा बड़ा खतरा

तालाब की ओर झुके बिजली खंभे, करंट फैलने का खतरा, जर्जर सड़क पर प्रशासन की लापरवाही से हादसे की आशंका, CMO ने कहा- निर्माण कराएंगे

सक्ती – सक्ती शहर के प्रसिद्ध महामाया मंदिर के समीप स्थित दर्री तालाब क्षेत्र में गंभीर सुरक्षा खतरा पैदा हो गया है। यहां तालाब किनारे बनी सड़क की जर्जर हालत और खतरनाक तरीके से झुके बिजली के खंभे किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। हैरानी की बात यह है कि इतने संवेदनशील इलाके में भी स्थानीय प्रशासन अब तक ठोस कार्रवाई करने में विफल रहा है। गौरतलब है कि दर्री तालाब के किनारे बनी सड़क कई जगहों से धंस चुकी है और उसके किनारे टूटकर कमजोर हो गए हैं। सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। तालाब के किनारे बाउंड्रीवाल नही होने से रात मे बाइक सवारों के गिरने का खतरा भी लगातार बना रहता है। खासकर बारिश के मौसम में मिट्टी का कटाव बढ़ने से सड़क का हिस्सा और धंस सकता है, जिससे स्थिति और भयावह हो सकती है। सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि सड़क किनारे लगे कई बिजली के खंभे तालाब की ओर झुक गए हैं। यदि इनमें से कोई खंभा गिरता है, तो उसके सीधे तालाब में गिरने की आशंका है। ऐसी स्थिति में बिजली का करंट पानी में प्रवाहित हो सकता है, जिससे तालाब में नहाने वाले लोगों की जान पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। यह स्थिति किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसी है, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की चुप्पी समझ से परे है। यह मार्ग महामाया मंदिर तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग आवाजाही करते हैं। बावजूद इसके, नगर पालिका और विद्युत विभाग की ओर से अब तक मरम्मत या सुरक्षा उपायों के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। सबसे हैरानी की बात यह है कि यह पूरा क्षेत्र नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों के निवास के बेहद करीब स्थित है। इसके बावजूद समस्या की लगातार अनदेखी प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। क्या अधिकारी किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहे हैं? स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत, किनारों की मजबूती और झुके बिजली खंभों को तत्काल ठीक करने की मांग की है। यदि समय रहते सुधार कार्य नहीं किया गया, तो दर्री तालाब क्षेत्र में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन पर ही होगी। वही इस पूरे मामले मे नगर पालिका सक्ती के सीएमओ प्रह्लाद पांडे ने कहा कि पिछले बरसात मे तालाब के किनारे की रिटर्निंग वॉल टूट गई है। इस वर्ष उसके निर्माण के लिए शासन से स्वीकृत मिल चुकी है। इसके लिए निविदा भी आमंत्रित की गई है। जल्द ही उसका निर्माण कार्य कराया जाएगा।