गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत देश भर में कल दिया जाएगा ज्ञापन

भारतीय संस्कृति, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के पुनर्स्थापन का आगाज है यह अभियान – अधिवक्ता चितरंजय
सक्ती- देश में गोवंश के सेवा, संरक्षण और सम्मान को लेकर “गो सम्मान आह्वान अभियान” के तहत सोमवार 27 अप्रैल 2026 को देशव्यापी जन-अभियान आयोजित किया गया है, इस आशय की चर्चा करते हुए मां भुनेश्वरी देवी गौशाला (गतौरा) के संस्थापक एवं उच्च न्यायालय अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने बताया कि इस दिन आम नागरिक और गो-प्रेमी अपने-अपने क्षेत्र के तहसील, ब्लॉक और अनुविभाग कार्यालयों में पहुंचकर प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम पर ज्ञापन देंगे।
इस संबंध में अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य शांतिपूर्ण ढंग से संवैधानिक दायरे में राष्ट्रीय स्तर पर गौ वंश के संरक्षण, सुरक्षा सम्मान सुनिश्चित करने सख्त कानून बनाने की दिशा में सरकार का ध्यान आकर्षित करना है। यह आयोजन सिर्फ धार्मिक भावनाओं तक ही सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के पुनर्स्थापन कार्य से भी गहराई से जुड़ा हुआ है। इस अभियान के तहत प्रमुख मांगों में गौ सेवा के हितार्थ पृथक मंत्रालय की स्थापना, गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना तथा गोमाता को “राष्ट्र माता” या “राष्ट्रीय धरोहर” घोषित किए जाने के साथ ही गोचर भूमि और चारा सुरक्षा नीति लागू करने, पंचगव्य आधारित उत्पादों को बढ़ावा देने पर भी ध्यान आकृष्ट गया है।
विदित हो कि अभियान के नाम पर किसी भी तरह का दान या चंदा लेना स्पष्ट रूप से वर्जित है बल्कि इस अभियान में व्यक्तिश: उपस्थिति और सहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया जा रहा है। अब यह बात अहम होगा कि यह अभियान सरकार के समक्ष गौ सेवा, सुरक्षा और सम्मान को लेकर अपनी बात प्रभावी ढंग से पहुंचाने में कितना सफल होगा।


