जिले में आम फल बहार की नीलामी 6 से 9 अप्रैल तक

सक्ती- जिले में इस वर्ष आम फल बहार की नीलामी को लेकर उद्यान विभाग ने कार्यक्रम जारी कर दिया है। विभाग के अनुसार जिले के विभिन्न शासकीय उद्यानों में लगे आम फलों की नीलामी 6 अप्रैल से 9 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जाएगी और सभी नीलामियां प्रतिदिन दोपहर 2 बजे होंगी। जारी कार्यक्रम के तहत 6 अप्रैल 2026 को शासकीय उद्यान केंद्र, कचंदा (जैजैपुर) में नीलामी होगी, जिसकी देखरेख हृदय राम राठिया करेंगे। इसके बाद 7 अप्रैल 2026 को शासकीय उद्यान भूतहा (मालखरौदा) में नीलामी आयोजित होगी, जहां शिवनारायण चौबे प्रभारी रहेंगे। इसी क्रम में 8 अप्रैल 2026 को शासकीय उद्यान चुरतेली (डभरा) में नीलामी होगी, जिसकी जिम्मेदारी सुरेश कुमार अजगल्ले के पास रहेगी। वहीं 9 अप्रैल 2026 को शासकीय उद्यान डोड़की (सक्ती) में अंतिम नीलामी आयोजित की जाएगी, जिसकी देखरेख खिरोद कुमार बारिक द्वारा की जाएगी।
उद्यान विभाग ने बताया कि इच्छुक व्यक्ति नीलामी में भाग लेने से पहले संबंधित उद्यानों में जाकर आम फलों का अवलोकन कर सकते हैं। नीलामी में भाग लेने के लिए आवेदकों को निर्धारित तिथि से एक दिन पूर्व दोपहर 2 बजे तक कार्यालय सहायक संचालक उद्यान, जिला सक्ती में आवेदन जमा करना अनिवार्य होगा। आवेदन के साथ पहचान हेतु आधार कार्ड, परिचय पत्र या पैन कार्ड की छायाप्रति, बैंक पासबुक और पासपोर्ट साइज फोटो जमा करना जरूरी है। विभाग ने सभी इच्छुक नागरिकों से समयसीमा का पालन करते हुए नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।


