सक्ती

सक्ती मे बाथरूम में फांसी पर लटकी मिली 10 वर्षीय बच्ची

खेल-खेल में हादसे की आशंका, पीएम रिपोर्ट का इंतजार, जांच कर रही पुलिस

सक्ती- सक्ती जिले में मंगलवार को एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 10 वर्षीय बच्ची अपने घर के बाथरूम में फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना जैजैपुर थाना क्षेत्र के गाड़ामोर पंचायत अंतर्गत आश्रित ग्राम जुनवानी की है।
जानकारी के अनुसार, मृतक बच्ची की पहचान कुमारी ललिता महंत के रूप में हुई है, जो कक्षा चौथी की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह घर के परिसर में खेल रही थी। काफी देर तक नजर नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद मिला। संदेह होने पर दरवाजा तोड़ा गया, जहां बच्ची फंदे से लटकी मिली। परिजन तत्काल उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही जैजैपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि बच्ची रस्सी से खेलते समय इस हादसे का शिकार हुई होगी। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, वहीं वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। मासूम बच्ची की असमय मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है।