राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन “बिहान” बना सहारा, मां लक्ष्मी स्व सहायता समूह की कविता साहू बनीं आत्मनिर्भरता की मिसाल



सक्ती – राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन “बिहान” ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के अंतर्गत ग्रामीण महिलाओं को स्व सहायता समूहों के माध्यम से संगठित कर उन्हें स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता, बैंक लिंकेज, प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है। बिहान योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उनकी आय में वृद्धि करना तथा उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। इसी योजना के अंतर्गत जिला सक्ती के जनपद पंचायत मालखरौदा के ग्राम सिंघरा में मां लक्ष्मी महिला स्व सहायता समूह संचालित किया जा रहा है। इस समूह में कुल 10 महिलाएं सदस्य हैं, जो नियमित बचत एवं बैठक के माध्यम से समूह की गतिविधियों का संचालन करती हैं। समूह का बैंक खाता इंडियन बैंक शाखा सिंघरा में संचालित है। समूह की अध्यक्ष कुंती साहू एवं सचिव रमा दुबे हैं। यह समूह उन्नति महिला क्लस्टर संगठन सिंघरा से जुड़ा हुआ है तथा बिहान योजना के मार्गदर्शन में निरंतर कार्य कर रहा है। समूह का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना एवं उन्हें स्वरोजगार से जोड़ना है।मां लक्ष्मी महिला स्व सहायता समूह से जुड़ी कविता साहू ने बिहान योजना के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित कर सफलता की एक प्रेरणादायक मिसाल प्रस्तुत की है। बिहान योजना के अंतर्गत उन्हें सीआईएफ से 20,000 रुपये, आरएफ से 5,000 रुपये, बैंक लिंकेज से 30,000 रुपये तथा लखपति दीदी योजना के अंतर्गत 1,00,000 रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इस प्रकार उन्हें समूह के माध्यम से कुल 1,55,000 रुपये की आर्थिक सहायता मिली। इसके अतिरिक्त उन्होंने स्वयं की ओर से 1,45,000 रुपये का निवेश किया। इस प्रकार कुल 2,50,000 रुपये की लागत से उन्होंने अपने गांव में आटा चक्की एवं फैंसी स्टोर्स का व्यवसाय प्रारंभ किया। कविता साहू द्वारा संचालित इस व्यवसाय से उन्हें प्रतिमाह आटा चक्की से 6,000 रुपये तथा फैंसी स्टोर्स से 9,000 रुपये की शुद्ध आय प्राप्त हो रही है। इसके साथ ही वे बैंक मित्र के रूप में कार्य करते हुए 2,700 रुपये प्रतिमाह अतिरिक्त आय अर्जित कर रही हैं। इस प्रकार उनकी कुल मासिक शुद्ध आय 17,700 रुपये हो गई है। इस आय से वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ कर रही हैं तथा आत्मनिर्भर जीवन जी रही हैं। बिहान योजना से जुड़कर मां लक्ष्मी महिला स्व सहायता समूह की महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से मजबूत हुई हैं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास एवं सामाजिक भागीदारी भी बढ़ी है। श्रीमती कविता साहू की यह सफलता समूह की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनी है। यह सफलता की कहानी दर्शाती है कि बिहान योजना ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। आज मां लक्ष्मी महिला स्व सहायता समूह आर्थिक सशक्तिकरण एवं महिला आत्मनिर्भरता का एक उत्कृष्ट उदाहरण बन चुका है और क्षेत्र की अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहा है।


