ग्राम भारती योजना का मुख्य उद्देश्य सरस्वती शिशु मंदिरों के माध्यम से ग्रामों में संस्कार युक्त शिक्षा प्रदान करना है – आचार्य राजेंद्र महाराज



सक्ती। ग्राम भारती योजना के अनुसार सरस्वती ग्राम शिक्षा समिति जिला सक्ती एवं सक्ती जिला के सभी प्राचार्य एवं प्रधानाचार्यों की एक दिवसीय बैठक सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सक्ती में संपन्न हुई । बैठक का शुभारंभ भारत माता एवं विद्यादायिनी माता सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला सक्ती ग्राम भारती के अध्यक्ष आचार्य राजेंद्र महाराज ने किया ।
मंचस्थ अतिथियों का सम्मान श्रीफल एवं तिलक से किया गया,
बैठक के निर्धारित विषयों पर अपना विचार रखते हुए अध्यक्ष आचार्य राजेंद्र ने कहा कि ग्राम भारती योजना का मुख्य उद्देश्य सरस्वती शिशु मंदिरों के माध्यम से ग्रामों में संस्कार युक्त शिक्षा प्रदान करना है । शिक्षा के साथ संस्कार एवं विद्यार्थियों को उनके कल एवं परिवार के योग्य बनाते हुए देश और अपने पूर्वजों के प्रति सम्मान का भाव जागृत करने सभी आचार्य सेवा भाव से पूरे देश में काम कर रहे हैं । ग्राम भारती योजना अपने निर्धारित आयामों के द्वारा सामाजिक चेतना एवं सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विचारों के साथ नैतिक शिक्षा प्रदान करने कृत संकल्पित है, इस कार्य का निर्वहन सभी आचार्य बड़े ही लग्न एवं दृढ़ संकल्प के साथ कर रहे हैं।
विद्या भारती के द्वारा वनवासी क्षेत्र में एकल विद्यालय एवं संस्कार के दो के विस्तार एवं इनमें कार्यरत आचार्यों के मानदेय तथा आवश्यक व्यवस्था हेतु बसंत पंचमी के अवसर पर सरस्वती पूजन के साथ समर्पण निधि तथा मकर संक्रांति के पुण्य अवसर पर उदारता पूर्वक समर्पण एवं दान की वृद्धि बनाए रखने हेतु कोरबा विभाग समन्वयक दीपक सोनी द्वारा सभी आचार्यों को मार्गदर्शन प्रदान किया गया । ग्राम भारती जिला समिति सक्ती के उपाध्यक्ष हिमांशु दुबे द्वारा निष्ठापूर्वक कार्य करते रहने की प्रेरणा दी गई। जिला सचिव संतोष कुमार डनसेना ने विद्यालयों के माध्यम से सामाजिक चेतना जागृत करने का आग्रह किया और कोषाध्यक्ष विश्राम सागर साहू ने अपने विचार प्रकट करते हुए कहा कि विद्यालय समाज का लघु स्वरूप होता है हम अपने अध्यनरत विद्यार्थियों के माध्यम से अपनी संस्कृति और राष्ट्र निर्माण का संदेश देंगे ।
जिला समिति ग्राम भारती सक्ती के इस महत्वपूर्ण बैठक में सबसे महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि ग्राम भारती सम्मेलन के अवसर पर भागवत प्रवाह आध्यात्मिक सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वाधान में राष्ट्र यज्ञ का आयोजन किया जाएगा जहां भारत माता पूजन के साथ एक ही उद्देश्य की “राष्ट्र सर्वोपरि है ” राष्ट्र का आह्वान पूजन और महायज्ञ का स्वरूप प्रदान करते हुए एक महोत्सव का आयोजन होगा । आचार्य राजेंद्र महाराज इस आयोजन के संयोजक होंगे तथा अलग-अलग संगठन को भी आयोजन में सहभागी करने की योजना होगी ।
जिला बैठक में विशेष रूप से छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन सक्ती जिला अध्यक्ष रमेश चंद अग्रवाल ,ग्राम भारती के सदस्य विनीत कुमार यादव, रवि साहू , विजय कुमार पांडे, भागवत प्रवाह के कोषाध्यक्ष पदुम पटेल , जिला सक्ती प्रमुख दीनदयाल गबेल , भागवत प्रवाह मातृशक्ति समिति सक्ती जिला अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा पटेल,मातृशक्ति समिति कोरबा जिला अध्यक्ष श्रीमती हीरा पटेल, सक्ती जिला संयोजिका श्रीमती मनोरमा गबेल, रूप लाल पटेल अमर सिंह चौहान एवं बिहारी लाल राठौर उपस्थित थे ।
जिला समन्वयक धर्मेंद्र तिवारी द्वारा कार्यक्रम का संचालन किया गया। विद्यालय के प्राचार्य पुरानगिरि गोस्वामी, प्रधानाचार्य बलदाऊ साहू एवं शिवाजी बाल कल्याण समिति सहित सभी आचार्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


