सुव्यवस्थित धान खरीदी ने बढ़ाया किसानों का विश्वास


किसान आनंद ने कहा टोकन से तौल तक पूरी प्रक्रिया रही पारदर्शी
सक्ती – शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के मार्गदर्शन में जिले में धान खरीदी कार्य पारदर्शी, व्यवस्थित और किसान-हितैषी ढंग से निरंतर जारी है। इसी क्रम में सक्ती विकासखण्ड के ग्राम डोडकी के किसान आनंद सिंह राजपूत ने धान खरीदी केंद्र डोडकी में 7.20 क्विंटल धान विक्रय किया। उन्होंने कहा कि पहले टोकन कटाने की चिंता लगी रहती थी, लेकिन अब मोबाइल से ही घर बैठे टोकन मिल जा रहा है और धान खरीदी केन्द्र में सारी व्यवस्थाए भी इतनी अच्छी है कि धान बेचने में बिल्कुल परेशानी नहीं हो रही। उन्होंने खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए बताया कि टोकन प्रक्रिया पूरी तरह सरल, पारदर्शी और समयबद्ध है, जिससे उन्हें कतार में लगने या प्रतीक्षा करने जैसी किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने कहा कि धान खरीदी केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक तौल प्रणाली के कारण तौल सटीक और पारदर्शी होती है। साथ ही धान खरीदी केंद्र की आधारभूत सुविधाओं ने खरीदी प्रक्रिया को और भी सहज बना दिया है। किसान आनंद ने बताया कि केंद्र की बेहतर व्यवस्थाओं के चलते पूरा धान विक्रय बिना किसी बाधा के पूर्ण हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित शासन-प्रशासन को किसानों के हित में इस मजबूत और पारदर्शी धान खरीदी व्यवस्था के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा किसानों से 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। जिससे हम किसान सही मूल्य पर अपने धान की बिक्री कर पा रहे हैं और लाभान्वित हो रहे है।खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले के 125 उपार्जन केंद्रों में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है। खरीदी केंद्रों में की गई सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं से किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही है, जिससे उनका प्रशासन पर भरोसा और अधिक मजबूत हुआ है।


