सक्ती

विभिन्न निर्माण कार्य और विभागीय कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय सीमा की बैठक

सक्ती 12 दिसंबर 2023‌।  कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक ली। विधानसभा निर्वाचन और आचार संहिता के समापन पश्चात समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने जिला अंतर्गत प्रगतिरत विभिन्न निर्माण कार्य और विभागीय कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न समय-सीमा सहित अन्य लंबित प्रकरणों के निराकरण की विस्तार से समीक्षा करते हुवे आवश्यक निर्देश दिए। समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को अग्निवीर भर्ती में जिले से शामिल होने वाले युवाओं की जानकारी संकलित कर उन्हे सुव्यस्थित भेजने के लिए आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी एसडीएम और तहसीलदार को वर्तमान शैक्षणिक सत्र में कक्षा 10वी और 12वी में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के पढ़ाई कार्य का निरीक्षण करते हुवे स्कूलों में जाकर उन्हे प्रोत्साहित करने कहा। कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को अपने अपने क्षेत्र अंतर्गत आने वाले स्कूलों का निरीक्षण करते हुवे शिक्षा गुणवत्ता और रिजल्ट सुधार की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के बेहतर क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय समिति, जिला नोडल अधिकारी तथा ग्राम पंचायत स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त कर सफल व बेहतर आयोजन के लिए सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने नवनियुक्त मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के लिए जिला स्तर पर और अन्य निर्धारित स्थलों पर सुव्यवस्थित वर्चुअल कार्यक्रम आयोजित कराए जाने के भी निर्देश दिए है। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर ने जिले में धान खरीदी की अद्यतन स्थिति, बारदाना की अद्यतन स्थिति, आयुष्मान कार्ड, पीएम आवास, पेंशन प्रकरण, जल जीवन मिशन, अविवादित नामांतरण, खाता विभाजन, नक्शा अद्यतीकरण सहित अन्य निर्माण कार्य तथा डीएमएफ सहित अन्य कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा किए। बैठक में अपर कलेक्टर बीरेंद्र कुमार लकड़ा, अपर कलेक्टर व डभरा एसडीएम सुश्री दिव्या अग्रवाल सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने जनदर्शन के माध्यम से सुनी आमलोगों की समस्याएं

कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने कलेक्टर कार्यालय में जनदर्शन के माध्यम से जिले के दूर दराज के गांवों से आये विभिन्न लोगों की समस्याएं सुनी। जनदर्शन में आज कुल 05 आवेदन प्राप्त हुए है।
          जनदर्शन में सक्ती तहसील के अन्तर्गत आने वाले ग्राम पोरथा निवासी दशरथ सोनी ने ट्राई साइकल स्वीकृत कराने के संबंध में आवेदन लेकर जनदर्शन में पहुंचे, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को शीघ्र ही पात्रतानुसार त्वरित करवाई करने के निर्देश दिये। इसी प्रकार जनदर्शन में सक्ती निवासी पुरुषोत्तम कुमार गबेल, पिता बलभद्र प्रसाद गबेल ने अपने जमीन से लगे रास्ता खुलवाने के संबंध में आवेदन लेकर पहुंचे। इसी प्रकार सक्ती तहसील के ग्राम गदगोदी निवासी पुरुषोत्तम चौहान पिता बौलाराम ने अपने नाम पर भूमि स्वामी जमीन के रूप में दर्ज को विक्रय करने हेतु अनुमति दिलाने के सम्बंध में, सक्ती तहसील अंतर्गत आने वाले ग्राम मसनियाकला निवासी श्रीमती पूरातन बाई पति छेदू राम ने मिनीमाता बांगो नहर में अधिग्रहित भूमि का मुआवजा दिलाने के संबंध में तथा अन्य आवेदको द्वारा हसौद विश्रामगृह में कार्यरत कर्मचारियों का कई महीनों से भुगतान नहीं हुआ है जिसका भुगतान दिलवाने के संबंध में आज आवेदन लेकर जनदर्शन में पहुंचे। जिस पर कलेक्टर ने संबंधित विभागो को सभी प्राप्त आवेदनों का जल्द से जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि आमजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ तथा शीघ्र निराकरण करने के उद्देश्य से कलेक्टर द्वारा कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिला स्तरीय जनदर्शन का आयोजन प्रत्येक मंगलवार को आयोजित किया जा रहा है।