
समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीदी की घोषणा से जिले के किसानों में खुशी की लहर
सक्ती । मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा किसानों के हित में एक बड़ा फैसला लेते हुए किसानों से समर्थन मूल्य पर अब प्रति एकड़ 15 क्विंटल की जगह 20 क्विंटल धान खरीदी की घोषणा की गयी है। धान खरीदी की मात्रा 15 से बढ़ाकर 20 क्विंटल प्रति एकड़ किए जाने के फैसले जिले के किसानों में खुशी की लहर दौड़ रही है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हमारे किसान भाई हैं। सम्पूर्ण विश्व आज खाद्य संकट की अग्रसर हो रहा है। इसका मुख्य कारण है कृषि का अलाभप्रद होना। हमारी सरकार बनते ही हमने किसानों की ऋण माफी की, राजीव गांधी किसान न्याय योजना से किसानों को सशक्त बना रहे हैं। उन्हें इनपुट सब्सिडी का लाभ भी दे रहे हैं। समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ धान की खरीदी 15 क्विंटल से बढ़ाकर अब 20 क्विंटल करने जा रहे हैं। ग्राम पोरथा के सुरेश कुमार राठौर ने बताया कि उनके पास 3.50 एकड़ कृषि भूमि है। उन्होंने मुख्यमंत्री जी द्वारा किसान हित में लिए गए इस बड़े फैसले के लिए आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि अब उन्हे पहले से ज्यादा आमदनी होगी और आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। और हमारी आर्थिक स्थिति में सुधार होगी। इसके साथ ही छोटेलाल चौहान, विजय कुमार ने भी मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के प्रति अपना अभार व्यक्त किया है।