सक्ती

कथावाचिका शुभी मिश्रा श्री सिद्ध हनुमान मंदिर की 178वीं महाआरती में हुईं शामिल

सक्ती- स्थानीय श्री सिद्ध हनुमान मंदिर में आयोजित 178वीं महाआरती श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई। इस गरिमामयी आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में चांपा की सुप्रसिद्ध कथावाचिका शुभी मिश्रा शामिल हुईं। उन्होंने मंदिर परिवार के इस सेवा कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि इस भव्य महाआरती का हिस्सा बनना उनके लिए परम सौभाग्य की बात है, जिसके लिए वे हनुमान लला के चरणों में साधुवाद व्यक्त करती हैं।
इस अवसर पर उच्च न्यायालय के अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि यह महाआरती न केवल धर्म और अध्यात्म का संदेश दे रही है, बल्कि समाज में सनातन सशक्तिकरण की दिशा में एक अत्यंत सशक्त पहल बनकर उभर रही है।
महाआरती के पावन अवसर पर मंदिर के मुख्य पुजारी ओमप्रकाश वैष्णव ने हनुमान लला का अत्यंत मनमोहक व दिव्य श्रृंगार कर विधि-विधान से पूजन-आरती संपन्न कराई। जिसमें सुबह का श्रृंगार सावित्री रवि देवांगन तथा शाम का श्रृंगार डिम्पल आठवाणी के सौजन्य से कराया गया।
सिंदूर अभिषेक राम गोपाल देवांगन, सावित्री यादव, लीना विकास बरेठ, नितिन अन्नपूर्णा, प्रत्यूषा, पद्माक्ष सोनी, मोतीलाल देवांगन एवं विनोद कुमार मिश्रा द्वारा सामूहिक रूप से संपन्न किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के अंतर्गत गीतेश पांडे, मोतीलाल देवांगन और आदित्य अग्रवाल के द्वारा सुंदरकांड का पाठ कराया गया, जिससे संपूर्ण परिसर भक्तिमय हो उठा। महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की विशेष व्यवस्था यातायात थाना सक्ती एवं अमित तंबोली के द्वारा की गई थी।कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसमें संध्या ओम वैष्णव, लीलावती वैष्णव, सुनीता अमित तंबोली, आंचल योगेश देवांगन, अंजू देवांगन, पत्रिका साहू, प्रेमलता जायसवाल, निम्मी, वान्या वैष्णव सहित मंदिर परिवार की बड़ी संख्या में उपस्थित बहनों व मातृशक्ति ने सहभागिता दर्ज की।
उल्लेखनीय है कि दूर-दराज के श्रद्धालुओं को हनुमान लला के दर्शन लाभ कराने के लिए “हमारे हनुमान” यूट्यूब चैनल के माध्यम से महाआरती का जीवंत (लाइव) प्रसारण किया जा रहा है। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन कोंडके मौर्य ने किया, जबकि इस ऐतिहासिक पल की खूबसूरत फोटोग्राफी अमित तंबोली द्वारा की गई। आयोजन के अंत में विशेष उपहार प्रतीक जिंदल को प्रदान किया गया।