लिमतरा में भोजली उत्सव, महिमा का किया बखान

सक्ती – सक्ती विकासखंड की ग्राम पंचायत लिमतरा में 29 अगस्त को भोजली उत्सव का आयोजन हुआ। पारंपरिक कार्यक्रम में सरपंच मालती भारद्वाज, मनहरण भारद्वाज, सभी पंच, गांव के गणमान्य लोग, माताएं-बहनें मौजूद रहीं। इसी बीच भोजली विसर्जन किया गया। रिमझिम फुहारों के बीच गांव की महिलाएं ‘देवी गंगा देवी गंगा लहरा तुरंगा हो रहा तुरंगा’ गीत गाती रहीं। भोजली दाई की महिमा का बखान भी किया। गांव में यह उत्सव हर साल परंपरा और मान्यता के अनुसार धूमधाम से मनाया जाता है। इस मौके पर गांव में बोई गई सभी भोजली को चौक-चौराहों पर इकट्ठा किया गया। उत्कृष्ट भोजली को पुरस्कृत किया गया। इसके बाद विसर्जन हुआ। िवसर्जन के बाद ग्रामीणों ने एक-दूसरे को भोजली भेंट की। इससे आपसी प्रेम और सौहार्द का भाव मजबूत हुआ। मान्यता है कि भोजली अटूट मित्रता का प्रतीक है। भोजली का अच्छा होना अच्छी फसल का संकेत भी माना जाता है।
