नवपदस्थ कलेक्टर जयश्री जैन ने जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

सिविल डिस्पेंसरी बाराद्वार का किया गया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं में सुधार के दिए गए निर्देश
सक्ती- । सक्ती जिले में नवपदस्थ कलेक्टर जयश्री जैन ने जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए हैं। जिसके तहत कलेक्टर के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला सक्ती ने आज सिविल डिस्पेंसरी बाराद्वार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कुछ व्यवस्थाओं में कमियां पाई गईं। जिस पर सीएमएचओ डॉ. पूजा अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई त्वरित रूप से करने के निर्देश दिए है। उन्होंने सभी अधिकारियों कर्मचारियों को अपने अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने तथा स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को बेहतर एवं समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देशन में सीएमएचओ ने स्वास्थ्य संस्थाओ में स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मरीजों के साथ उचित एवं संवेदनशील व्यवहार करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थाओं में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ आम नागरिकों को सहज, सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण रूप से मिलना चाहिए। कलेक्टर ने कहा है कि जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं का नियमित निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं की निरंतर समीक्षा की जाएगी, ताकि आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

