चंद्रपुर थाने में तैनात एएसआई एस .एन. मिश्रा 20 हजार की रिश्वत लेते एसीबी ने पकड़ा

सक्ती- भ्रष्टाचार पर एसीबी बिलासपुर ने एक बार फिर कड़ा प्रहार करते हुए चंद्रपुर थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) एस. एन. मिश्रा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी एएसआई पर 40 हजार रुपये की अवैध वसूली का खेल खेलने का आरोप है, जिसमें वह पहले ही 20 हजार रुपये ऐंठ चुका था और बाकी रकम लेते समय पकड़ में आ गया। पूरा मामला ग्राम बालपुर, थाना चंद्रपुर क्षेत्र का है, जहां शिव प्रसाद बरेठ ने एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके और उनके परिवार के खिलाफ ग्राम बालपुर निवासी सरस्वती जायसवाल द्वारा दर्ज कराई गई मारपीट की रिपोर्ट में राहत देने और कार्रवाई से बचाने के एवज में एएसआई एसएन मिश्रा द्वारा 40 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। शिकायत के आधार पर एसीबी ने पहले गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हो गई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले ही 20 हजार रुपये वसूल चुका था और शेष 20 हजार रुपये की लगातार मांग कर रहा था। इसके बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की तैयारी की। 10 मई 2026 को प्रार्थी को चंद्रपुर क्षेत्र के एक ढाबा में रकम लेकर भेजा गया। जैसे ही एएसआई मिश्रा ने 20 हजार रुपये की दूसरी किस्त स्वीकार की, एसीबी टीम ने मौके पर ही उसे दबोच लिया। मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से भी अनियमितताओं और अवैध वसूली की शिकायतें सामने आती रही थीं, जिनकी जांच अब तेज कर दी गई है। एसीबी ने साफ किया है कि भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी सरकारी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि रिश्वत मांगने की किसी भी घटना की तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते कठोर कार्रवाई की जा सके।


