विश्व स्वास्थ्य दिवस पर जिले में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविरों का किया गया आयोजन



सक्ती – विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया। इस पहल के माध्यम से आम नागरिकों को सुलभ एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। सक्ती स्थित कोर्ट परिसर में आरबीएसके टीम ‘बी’ द्वारा विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जहां उपस्थित लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ ब्लड प्रेशर (बीपी), शुगर सहित अन्य आवश्यक जांचें की गईं। साथ ही जरूरतमंदों को उचित चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया गया। इसी क्रम में मालखरौदा, डभरा तथा जैजैपुर के न्यायालय परिसरों में भी स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। मालखरौदा में आरबीएसके टीम ‘बी’, डभरा व्यवहार न्यायालय में आरबीएसके टीम ‘बी’ तथा जैजैपुर कोर्ट में आरबीएसके टीम ‘ए’ द्वारा नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इन सभी शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने उपस्थित होकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के शिविरों का आयोजन कर आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी निरंतर बढ़ रही है।


