उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक नियंत्रण कक्ष का गठन

उर्वरक की कालाबाजारी, गैर कृषि उपयोग, जमाखोरी, अधिक कीमत पर विक्रय एवं अमानक उर्वरकों की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई
सक्ती – संचालनालय कृषि छत्तीसगढ़, रायपुर के निर्देशानुसार जिले में किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक नियंत्रण कक्ष का गठन किया गया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य उर्वरक की कालाबाजारी, गैर कृषि उपयोग, जमाखोरी, अधिक कीमत पर विक्रय तथा अमानक उर्वरकों की बिक्री जैसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। किसानों से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण एवं उर्वरकों के सुचारू वितरण को सुनिश्चित करने के लिए गठित इस नियंत्रण कक्ष में अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्री कृतराज को नियंत्रण कक्ष प्रभारी नियुक्त किया गया है। उन्हें हेल्पलाइन नंबर पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कृषि विकास अधिकारी श्री कृष्ण सिंह पैंकरा को नियंत्रण कक्ष उप प्रभारी बनाया गया है, जो प्रभारी के सहयोग से शिकायतों के निराकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही करेंगे। वहीं कृषि विकास अधिकारी श्रीमती मोनिका पटेल को हेल्पलाइन प्रभारी नियुक्त किया गया है, जिनका दायित्व हेल्पलाइन पर प्राप्त कॉल को रिसीव करना, शिकायतों एवं मांग की जानकारी तत्काल प्रभारी एवं उप प्रभारी तक पहुंचाना तथा शिकायतों का पंजी संधारण करना होगा। ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री राजेन्द्र कुमार चंद्रवंशी को हेल्पलाइन सहायक का दायित्व सौंपा गया है, जो प्राप्त शिकायतों एवं उन पर की गई कार्यवाही का अभिलेख संधारित करेंगे। इसके अलावा भृत्य श्री सुमीत कुमार यादव को सहायक के रूप में नियुक्त किया गया है। नियंत्रण कक्ष प्रभारी द्वारा प्रत्येक शुक्रवार तथा शुक्रवार को अवकाश होने की स्थिति में गुरुवार को साप्ताहिक प्रगति प्रतिवेदन अधोहस्ताक्षरी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे कार्यों की नियमित निगरानी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।


