सक्ती

सक्ती जिले में आवास निर्माण की बड़ी उपलब्धि: 38,741 पक्के आवास पूर्ण, हजारों परिवार लाभान्वित

कलेक्टर एवं सीईओ के नेतृत्व में रिकॉर्ड सफलता, समय पर पूर्ण हुए सभी लक्ष्य, बदला लोगों का जीवन स्तर

सक्ती – कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ वासु जैन के कुशल मार्गदर्शन में जिले में आवास निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की गई है। उनके नेतृत्व में संबंधित विभागों एवं मैदानी अमले द्वारा सतत प्रयास करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूर्ण किया गया। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान आवास निर्माण के क्षेत्र में नई उपलब्धि स्थापित करते हुए कुल 38,741 आवासों का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया। इस अभियान से जिले के हजारों हितग्राहियों को पक्के आवास की सुविधा प्राप्त हुई है, जिससे उनके जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आया है। जिला प्रशासन ने आगे भी ऐसे जनहितकारी कार्यों को प्राथमिकता देते हुए निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही है। इस उपलब्धि पर कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 38,741 आवासों का निर्माण जिला प्रशासन के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह टीम वर्क, सतत मॉनिटरिंग और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम है। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को समय पर पक्का आवास उपलब्ध कराया जाए। वहीं, मुख्य कार्यपालन अधिकारी वासु जैन ने कहा कि आवास निर्माण कार्य में मैदानी अमले के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया गया। तकनीकी गुणवत्ता, समयबद्धता एवं पारदर्शिता पर विशेष ध्यान दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप लक्ष्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा सका। आगे भी हितग्राहियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के प्रयास जारी रहेंगे।